उत्तराखंड में ठगी, हत्या, दुष्कर्म, सड़क हादसे और सांप्रदायिक तनाव से जुड़ी 10 बड़ी खबरें, पढ़ें….
रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर
देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से सामने आई आपराधिक घटनाओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों की ठगी हुई है,
तो कहीं बुजुर्ग की निर्मम हत्या, महिला से दुष्कर्म, पत्रकार पर हमला और सड़क हादसे में महिला की मौत ने लोगों को झकझोर दिया है। वहीं कोटद्वार का ‘बाबा दुकान विवाद’ अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है।
विदेश भेजने के नाम पर 1.20 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी उपेन्द्र सिंह को ट्रांसपोर्ट नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फिनलैंड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी वीजा,
कॉन्ट्रैक्ट लेटर और एम्बेसी दस्तावेज तैयार कर कई लोगों से कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ितों में सेना का एक सूबेदार भी शामिल है, जो विदेश में नौकरी के लिए वीआरएस लेने की तैयारी कर रहा था।
चंपावत में बुजुर्ग की दरांती से हत्या
चंपावत जिले के सनिया गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग अंबादत्त खर्कवाल की उनके ही पड़ोसी ने दरांती से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी सुभाष खर्कवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार पर हमला, आरोपी जमानत पर
राजधानी देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया, जिन्हें पूछताछ के बाद जमानत पर छोड़ दिया गया। घटना सड़क विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
शिमला बाईपास पर सड़क हादसा, महिला की मौत
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शिमला बाईपास चौक पर सड़क पार कर रही 55 वर्षीय महिला को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
बाजपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला
उधम सिंह नगर के बाजपुर में एक विवाहित बेटी ने अपने ही पिता पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि उसके पास घटना का वीडियो भी मौजूद है। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्मैक तस्करी में महिला गिरफ्तार
सितारगंज पुलिस ने 11.80 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।
हरिद्वार में दिव्यांग ई-रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा
हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में दिव्यांग ई-रिक्शा चालक मनीष की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मोबाइल फोन लूट के विरोध में आरोपी अयान ने अपने साथी के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या की थी। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार है।
कैफे विवाद में घायल युवती ने अफवाहों का किया खंडन
देहरादून के एक कैफे में हुए विवाद में घायल युवती माही जेटली ने सामने आकर बताया कि उस पर जानबूझकर हमला नहीं किया गया था। युवती के अनुसार झगड़े के दौरान गलती से करछी लगने से उसे चोट आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रुड़की में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
रुड़की में यूपी की एक महिला के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो युवकों और एक महिला पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोटद्वार ‘बाबा दुकान विवाद’ बना राष्ट्रीय मुद्दा
कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक और सांप्रदायिक बहस का मुद्दा बन गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने SIT का गठन किया है।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान देने के आरोप में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी भी हुई है। प्रशासन का दावा है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन निगरानी जारी है।




