Weather Update: पहाड़ों पर सीजन की ताज़ा बर्फबारी, मैदानों में बारिश से बढ़ी ठंड

Weather Update: पहाड़ों पर सीजन की ताज़ा बर्फबारी, मैदानों में बारिश से बढ़ी ठंड

रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप सुबह से ही राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है।

चारधाम क्षेत्रों में केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ-साथ मसूरी, धनौल्टी और चकराता की पहाड़ियों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है। बर्फ गिरने से पहाड़ों में तापमान में तेज गिरावट आई है और शीतलहर का असर बढ़ गया है।

मैदानी जिलों देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के चलते सुबह से ही ठंड बढ़ गई है और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल और खरसाली क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी की सूचना है। ऊंचाई वाले इलाकों में फिसलन बढ़ने से प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में पर्वतीय जिलों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तापमान में और गिरावट की संभावना है।

लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए यह मौसम राहत भरा है, वहीं ठंड के कारण दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से पहले मौसम की स्थिति जरूर जांच लें।