जम्मू-कश्मीर में सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सेना का एक वाहन करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिसमें कम से कम 10 जवानों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, सेना के इस वाहन में कुल 17 जवान सवार थे, जो एक ऊंचाई पर स्थित पोस्ट की ओर जा रहे थे। रास्ते में भद्रवाह–चंबा इंटर स्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान शुरू किया। शुरुआती तौर पर चार जवानों के शव बरामद किए गए थे, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को हवाई मार्ग से उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा दुख जताया और शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
वहीं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उनके कार्यालय की ओर से X (पूर्व में ट्विटर) पर कहा गया कि, “इस गहरे दुख की घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। घायल सैनिकों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वश्रेष्ठ इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”



