PCS मुख्य परीक्षा परिणाम रद्द, UKPSC ने संशोधित परिणाम जारी किया
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने तकनीकी खामियों के कारण पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम निरस्त कर दिया है। यह परिणाम 29 नवंबर को जारी किया गया था।
आयोग ने स्पष्ट किया कि परिणाम जारी होने के बाद तकनीकी त्रुटियां सामने आईं, जिसके बाद परिणाम रद्द करने के साथ तुरंत संशोधित परिणाम जारी कर दिया गया।
आयोग के अनुसार, दो फरवरी से पांच फरवरी 2024 तक आयोजित सामान्य अध्ययन (GS) प्रथम प्रश्न पत्र की पुनः परीक्षा का परिणाम 29 नवंबर को अपलोड किया गया था। लेकिन कुछ तकनीकी विसंगतियां पाए जाने के चलते इसे वापस लेना पड़ा।
आयोग ने बताया कि संशोधित परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://psc.uk.gov.in पर उपलब्ध करा दिया गया है। इसके साथ ही साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक भी नए सिरे से अपलोड कर दिए गए हैं।
आयोग ने सफल उम्मीदवारों को सूचित किया है कि साक्षात्कार से पूर्व आवश्यक अभिलेख सत्यापन की विस्तृत जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है।
आयोग ने दोहराया कि पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए परिणाम को निरस्त कर संशोधित किया गया है।


