उत्तराखंड में अपराध और साइबर ठगी के बढ़ते मामले। अपहरण, डिजिटल अरेस्ट और शॉपिंग फ्रॉड से हड़कंप
उत्तराखंड। उत्तराखंड में लगातार अपराध और साइबर ठगी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण का मामला सामने आया है।
वहीं खटीमा में एनएचपीसी के रिटायर्ड मैनेजर को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर 18 लाख रुपये की चपत लगा दी। उधर हल्द्वानी में ऑनलाइन शॉपिंग करने वाली एक महिला को सलवार सूट वापस करना महंगा पड़ गया और ठगों ने उसके खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए।
रुड़की: युवक का अपहरण, 25 लाख की फिरौती मांग
पिरान कलियर क्षेत्र के बेड़पुर गांव निवासी होटल स्वामी नसीर का 20 वर्षीय बेटा अनवर शनिवार से लापता है। देर रात अज्ञात कॉलर ने अनवर के मोबाइल से फोन कर परिवार से 25 लाख रुपये फिरौती मांगी।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर सीआईयू समेत चार टीमें खोजबीन में लगा दी हैं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार पुलिस सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा।
खटीमा: रिटायर्ड मैनेजर को साइबर ठगों ने लगाया 18 लाख का चूना
चकरपुर निवासी एनएचपीसी के रिटायर्ड मैनेजर को फोन कर खुद को ईडी अधिकारी बताने वाले साइबर ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी और व्हाट्सएप पर फर्जी कोर्ट प्रक्रिया दिखाकर उनसे 18 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से खातों को होल्ड कराया है।
हल्द्वानी: सलवार सूट रिटर्न करने के बहाने डेढ़ लाख की ठगी
बेड़ापोखरा निवासी महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से खरीदा गया सूट लौटाने के लिए गूगल से मिले कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया। कथित कस्टमर केयर एजेंट ने स्क्रीन शेयरिंग कराकर महिला के खाते से कुल 1.49 लाख रुपये निकाल लिए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंप दी है।
पुलिस की अपील: कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी और कोतवाल राजेश कुमार यादव ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें। जागरूक रहना ही साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।

