पहाड़ से लेकर मैदान तक आक्रोश। रीजनल पार्टी ने फूंका पुतला, मंत्री ने जताया खेद
देहरादून। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर विधानसभा में उत्तराखंड के निवासियों के लिए अपशब्द का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए देहरादून विधानसभा के निकट नेहरूकालोनी चौराहे पर जमकर नारेबाजी करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला फूंका।
साथ ही मुख्यमंत्री से प्रेमचंद अग्रवाल को तत्काल मंत्री पद से हटाने की मांग की। यहाँ रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल के नेतृत्व में एकत्रित हुए दर्जनों कार्यकर्ताओं ने नेहरू कालोनी चौराहे पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर विधानसभा में उत्तराखंड के निवासियों के लिए अपशब्द का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जिसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला दहन किया।
इस मौके पर रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि जिस प्रकार से विधानसभा में ऋषिकेश के विधायक व मंत्री अग्रवाल ने उत्तराखंड के नागरिक के लिए अपशब्द का प्रयोग किया है, उससे प्रदेश का हर नागरिक शर्मिंदा है।
उन्होंने कहा कि मंत्री अग्रवाल सत्ता के नशे में चूर होकर अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक सत्ता की हनक में अपनी वाणी पर संयम भी खो चुके हैं। जिसकी हम निंदा करते हैं तथा राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती हैं।
प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि, जब तक कैबिनेट मंत्री अग्रवाल को पद से हटाया नहीं जाता तब तक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश की जनभावनाओं को देखते हुए कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को तत्काल मंत्री पद से हटाया जाए।
इस अवसर पर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के संरक्षक सुरेश चंद्र जुयाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय डोभाल, विनोद कोठियाल, सुरेंद्र चौहान, प्रांजल नौडियाल, प्रमोद काला, पंकज उनियाल, मनोज कोठियाल विजय उनियाल, दयानंद मनोरी, शांति चौहान, मीना थपलियाल, शशि रावत, शोभित भद्री, मंजू बहुगुणा, रेनू नवानी, सुमन रावत आदि तमाम कार्यकर्ता शामिल थे।
पहाड़ से लेकर मैदान तक आक्रोश, मंत्री ने जताया खेद
उत्तराखंड विधानसभा में पहाड़-मैदान को लेकर छिड़ी बहस ने राज्यभर में राजनीतिक उबाल पैदा कर दिया है। संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के क्षेत्रवाद संबंधी बयान पर आंदोलनकारियों और विपक्षी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री के पुतले फूंके गए और सदन के भीतर भी हंगामा बढ़ गया।
मंत्री ने जताया खेद, कहा- बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा
वित्त मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में रहने वाले सभी लोग उनके परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा, “परिवार के लोगों के सामने अनजाने में कही गई बात के लिए खेद प्रकट करने में मुझे कोई संकोच नहीं है।
मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। मैंने कहा था कि सारे उत्तराखंड में देश के सभी हिस्सों के लोग रहते हैं। हम सभी उत्तराखंड के हैं और उत्तराखंड हमारा है।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरी बात से कई लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, ऐसा मुझे महसूस हो रहा है। मेरी वजह से किसी को पीड़ा पहुंचे, यह मेरा स्वभाव नहीं है। इसलिए जाने-अनजाने जिस किसी को भी पीड़ा पहुंची है, उसके लिए मैं हृदय से खेद व्यक्त करता हूं।”
सदन में हंगामा, विपक्ष ने उठाए सवाल
कैबिनेट मंत्री के बयान से मामला गर्मा गया है। विधानसभा सत्र के दौरान शुक्रवार को पहाड़-मैदान को लेकर सदन में हंगामा हो गया था।
इसके बाद सोमवार को भी विपक्ष ने क्षेत्रवाद के मुद्दे को लेकर सदन में हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और विधानसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की।
विधानसभा अध्यक्ष ने लगाई फटकार
संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सदन में ही अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया था और उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
इसके बाद पहाड़-मैदान की बात को लेकर सदन में हंगामे पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विपक्षी सदस्यों को फटकार लगाई। कांग्रेस के एक विधायक ने सदन में कागज फाड़ा और वॉकआउट कर दिया।
मामले की जड़
दरअसल, शुक्रवार को सत्र के दौरान पहाड़ में नक्शा पास कराने में हो रही दिक्कतों के सवाल का जवाब देते हुए संसदीय व विभागीय मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कांग्रेस विधायक बिष्ट की टिप्पणी पर नाराजगी जताई।
मंत्री ने विपक्षी विधायक पर पहाड़ व मैदान के नाम पर उत्तराखंड को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “विपक्ष के विधायक पहाड़-मैदान की बात कर उत्तराखंड को कहां ले जाना चाहते हैं? बात को पहाड़ी व देसी पर ले जाया जा रहा है, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उत्तराखंड से कौन है, कोई राजस्थान से और कोई मध्यप्रदेश से आया है।”
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- हम सब उत्तराखंड के हैं
इस हंगामे से नाराज विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा, “सत्तापक्ष और विपक्ष इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं, जैसे चौराहे पर हैं। हम सब उत्तराखंड के लोग हैं। पहाड़ व देसी नहीं है।
उत्तराखंड की लड़ाई हम सबने लड़ी है। बार-बार बोलने के बाद भी सदन में इस तरह की टिप्पणी की जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।”