अपराध: युवक का गोली लगा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी। जनता में आक्रोश

युवक का गोली लगा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी। जनता में आक्रोश

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत काशीपुर से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां टांडा उज्जैन क्षेत्र में दीवाली के दिन एक घर का चिराग बुझ गया।

एक युवक का गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या की सूचना मिलने पर लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार मौ. टांडा उज्जैन निवासी गिरीश ठाकुर (22 वर्ष) पुत्र विजय ठाकुर का शव आज सुबह रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित सोसाइटी परिसर में मिला।

शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल पर शव के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि, इसी तमंचे से युवक को गोली मारी गई है।

वहीं परिजनों का आरोप है कि, कुछ दिन पहले युवक के साथ मारपीट की गई थी। मामले में चौकी में तहरीर भी दी गई थी। उन्हें शक है कि, उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या की है। वहीं गिरीश ठाकुर कल रात दस बजे तक मौहल्ले में देखा गया था, उसके बाद से वह गायब हो गया था।

मामले में एसपी चंद्रमोहन सिंह का कहना है कि, पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।