बड़ी खबर: देहरादून बार एसोसिएशन में कंडवाल अध्यक्ष और सचिव बने शर्मा। पांचवी बार भी जोड़ी रही बरकरार

देहरादून बार एसोसिएशन में कंडवाल अध्यक्ष और सचिव बने शर्मा। पांचवी बार भी जोड़ी रही बरकरार

देहरादून बार एसोसिएशन चुनाव में एडवोकेट मनमोहन कंडवाल अध्यक्ष और अधिवक्ता अनिल शर्मा सचिव चुने गए है। इन दोनों की जोड़ी लगातार पांचवी बार भी बरकरार रही।

बता दें कि, मंगलवार सुबह 09:00 बजे चुनाव अधिकारी एलबी गुरुंग की देखरेख में देहरादून बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। करीब दो साल बाद हुए चुनाव में 11 पदों के लिए 46 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। इनके लिए करीब 3,100 मतदाताओं को मतदान करना था।

सुबह 09:00 बजे से शाम करीब साढ़े चार बजे तक वोटिंग हुई। इसमें 2,178 अधिवक्ता मतदाताओं ने मतदान किया। वही इस बार अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला।

जानकारी देते हुए चुनाव अधिकारी एलवी गुरुंग ने बताया कि, इस बार भी अधिवक्ता मनमोहन कंडवाल ने प्रतिद्वंद्वियों अधिवक्ता रंजन सोलंकी और आलोक घिल्डियाल को पछाड़ कर लगातार पांचवीं बार बाजी मारी। कंडवाल को 1,264 और सोलंकी को 654 मत मिले।

वहीं सचिव पद पर अनिल शर्मा लगातार जीतते आ रहे है।इस बार शर्मा को 1,178 और दूसरे नंबर पर रहे अधिवक्ता प्रकाश टी पाल को 649 मत प्राप्त हुए। शाम करीब पांच बजे से शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों में ही दोनों की जीत साफ थी।

मैंने वकीलों के हित में काम किया था। इसका फल मिला है। अधिवक्ता बंधुओं के आशीर्वाद का मैं स्वागत करता हूं। भविष्य में भी अधिवक्ताओं के हितों में काम किया जाएगा। सरकार से लंबी जद्दोजहद के बाद पुरानी जेल परिसर में जमीन ले ली गई है। इस पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे पहले पुराने परिसर में भी अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबर बनाए गए हैं- अध्यक्ष बार एसोसिएशन, मनमोहन कंडवाल

बता दें कि, अधिवक्ता मनमोहन कंडवाल नौंवी बार अध्यक्ष चुने गए है। वहीं सचिव पद पर उनके जोड़ीदार अनिल शर्मा ने भी बाजी मार ली। अध्यक्ष और सचिव की यह जोड़ी पांचवीं बार चुनाव में जीत हासिल करने में कामयाब रही। मनमोहन कंडवाल इससे पहले भी चार बार अध्यक्ष रह चुके हैं।