वीडियो: उच्च शिक्षा मंत्री के सामने गरमाये भाजपा विधायक

उच्च शिक्षा मंत्री के सामने गरमाये भाजपा विधायक

भाजपा विधायक और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त भिड़ंत हो गयी। जिसका वीडियो जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं।

गौरतलब है कि, अनुशासन का दम भरने वाली भारतीय जनता पार्टी के विधायक और कार्यकर्ताओं में एक बार फिर जबरदस्त भिड़ंत मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले देखने को मिली।

जब देहरादून के रायपुर में डिग्री कॉलेज के भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचने से चंद मिनट पहले रायपुर से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने ही कार्यकर्ताओं पर भड़ास निकालते हुए नजर आए।

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत के सामने काऊ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने कार्यक्रम को छोड़ने तक की धमकी दे दी। साथ ही यहां तक कहा कि, वह जिन कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं, यदि वह उनके साथ रहेंगे तो वह कार्यक्रम छोड़कर चले जाएंगे।

भाजपा विधायक अपने ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को औकात में रहने तक की धमकी देने लगे। भाजपा विधायक जिन कार्यकर्ताओं से उलझे वह जिला पंचायत के सदस्य हैं और पार्टी में 15 से 20 सालों के लिए काम कर रहे हैं।

वहीं जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह का कहना है कि, विधायक जिस तरीके से अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं उससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी गिर रहा है। एक विधायक को यह शोभा नहीं देता कि, वह अपने ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को इस तरीके से धमकाए।

खास बात यह है कि, उच्च शिक्षा विभाग के कार्यक्रम को उमेश शर्मा काऊ अपना निजी कार्यक्रम तक बताने लगे और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम से निकलने तक की धमकी देने लगे।

धन सिंह रावत से उमेश शर्मा काऊ शिकायत करते हुए नजर आए कि, यह मुझे अपना विधायक नहीं मानते हैं और इस क्षेत्र में जो भी पोस्टर लगते हैं, उनको यह फाड़ देते हैं।

2022 के विधानसभा चुनाव से पहले जिस तरीके से फूट भाजपा के भीतर रायपुर में देखने को सरेआम मिल रही है उससे कहीं ना कहीं पार्टी के लिए यह चिंता का विषय भी है कि, आखिर चुनावी रण में जाने से पहले पार्टी में इस तरह के मतभेद क्यों है? जिसका समाधान पार्टी को चुनाव से पहले निकालना होगा।