हल्दीघेरा में 8 करोड़ की गौशाला का लोकार्पण, CM धामी ने विस्तार के लिए दिए डेढ़ करोड़

हल्दीघेरा में 8 करोड़ की गौशाला का लोकार्पण, CM धामी ने विस्तार के लिए दिए डेढ़ करोड़

खटीमा। हल्दीघेरा में लंबे समय से प्रतीक्षित विशाल गौशाला का सपना गुरुवार को साकार हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब सात एकड़ क्षेत्र में आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौशाला का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया।

इस अवसर पर हजारों लोग मौजूद रहे और गौशाला को खटीमा क्षेत्र की जनता को समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने गौशाला में गौ पूजन किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या की देखरेख में निर्मित इस गौशाला में करीब 2,000 निराश्रित गौवंश को रखने की क्षमता है।

इसके शुरू होने से सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ ही किसानों और आमजन को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

गौशाला के विस्तार के लिए डेढ़ करोड़ की घोषणा
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौशाला के विस्तार के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि खटीमा में गौशाला का निर्माण और उसका लोकार्पण उनके लिए विशेष अवसर है। निराश्रित गौवंश के कारण स्थानीय किसानों और आम लोगों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह गौशाला महत्वपूर्ण साबित होगी।

सीएम धामी ने कहा कि गौ सेवा केवल परंपरा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निराश्रित गौवंश के संरक्षण और उनके लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश में शासन किया, लेकिन गौ संरक्षण और गौसेवा को प्राथमिकता नहीं दी।

धामी ने कहा कि उनकी सरकार गौ माता के संरक्षण और संवर्धन को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए गौशालाओं के निर्माण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर काम कर रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संस्कृति और गौ संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं भी गौ सेवा करते हैं।

खटीमा से विशेष लगाव का किया जिक्र

मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा से अपने विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह यहां के लोगों से लगातार जुड़े रहते हैं और क्षेत्र में आते रहते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्रवासियों से भाजपा के पक्ष में समर्थन का आह्वान भी किया।