सल्ट विधानसभा उपचुनाव में भारी मतों से विजयी हुए भाजपा प्रत्याशी महेश जीना

सल्ट विधानसभा उपचुनाव में भारी मतों से विजयी हुए भाजपा प्रत्याशी महेश जीना

देहरादून। अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी महेश जीना ने कांग्रेस को पछाड़ते हुए बाजी मार ली है। जिससे यह स्पष्ट हुआ कि, मुख्यमंत्री बनने के बाद तीरथ सिंह रावत भी अपनी पहली परीक्षा में पास हो हुए हैं। सल्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनैतिक चाणक्यों द्वारा जैसा अनुमान लगाया जा रहा था, परिणाम भी ठीक उसी के अनुरूप ही आए। यहां भाजपा प्रत्याशी बाजी मार गए और वह संभवत: आगामी 08 माह के लिए विधानसभा में पहुंचने में कामयाब हो गए हैं।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली को यहां एक बार फिर से हार का सामना करना पड़ा है। इस परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ता जहां जश्न मना रहे हैं, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चेहरे मुरझाए गए हैं। सल्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस खेमे में आज सुबह से ही धुकधुकी मची थी, वहीं भारतीय जनता पार्टी जीत के प्रति शुरू से ही आश्वस्त दिखाई दे रही थी।

इसका कारण यह भी था कि, आज सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के प्रत्येक चरणों में भाजपा प्रत्याशी महेश जीना ही बढ़त बनाए जा रहे थे। इस प्रकार मतगणना में भाजपा प्रत्याशी महेश जीना इस उपचुनाव में 4,400 से ज्यादा मतों से विजयी घोषित हो गए हैं। इसी के साथ ही कांग्रेस को यहां पूरी ताकत झोंकने के बाद भी हार का सामना करना पड़ा है। जैसे ही महेश जीना के नाम की विजयी होने की घोषणा हुई, भाजपा कार्यकर्ताओं के नारों से वातावरण गूंज उठा। वह एक दूसरे को बधाई देने लगे।

बताते चलें कि, भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हुई सल्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए बीते 17 अप्रैल को मतदान हुआ था।
इस बार चुनाव मैदान में सात प्रत्याशी उतरे थे। जिनमें भारतीय जनता पार्टी ने स्व. सुरेंद्र जीना के भाई महेश जीना को प्रत्याशी बनाया था, जबकि कांग्रेस से वर्ष 2017 की विधानसभा चुनाव लड़ चुकी गंगा पंचोली मैदान में थी। उन्हें पूर्व सीएम हरीश रावत टिकट दिलाने में कामयाब रहे थे। इसके अलावा सर्वजन स्वराज पार्टी के शिव सिंह रावत, उत्तराखंड क्रांति दल के समर्थित उम्मीदवार पान सिंह, पीपीई डेमोक्रेटिव नंद किशोर, उपपा जगदीश चंद्र एवं सुरेंद्र सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे।