खनन माफियाओं के हौसले बुलंद। तहसीलदार पर किया जानलेवा हमला

खनन माफियाओं के हौसले बुलंद। तहसीलदार पर किया जानलेवा हमला

रिपोर्ट- मनोज नौडियाल
कोटद्वार। जीरो टोलरेंस की सरकार में अवैध खनन जोरो पर चल रहा है। जिसकी शिकायत स्थानीय निवासियों से लेकर कई समाजसेवी कर चुके है। शिकायत के बाद प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही भी की जा रही है। किंतु खनन माफिया अवैध खनन करने से बाज नही आ रहे है। खनन माफियाओ के हौसले भी इतने बुलंद हो गये है कि, वह प्रशासन की टीम पर ही जानलेवा हमला कर दे रहे है।
बता दें कि, रविवार सांय तहसील कोटद्वार क्षेत्र के सुखरौ नदी में अवैध खनन रोकने गए तहसीलदार और उनकी टीम पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया।

जिसमें तहसीलदार पर हल्की चोटें आई है। तहसीलदार ने खनन माफियाओं के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया है। तहसीलदार विकास अवस्थी ने बताया कि, खूनीबढ़ में स्थानीय लोगों की शिकायत पर बीती देर रात को सुखरौ नदी में हो रहे अवैध खनन रोकने के लिए उपजिलाधिकारी के निर्देश पर टीम रवाना हुई। जैसे ही उनकी टीम नदी क्षेत्र में पहुंची, तभी खननकारियों ने टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। जिसमें उन्हें स्वयं हल्की चोटे आई है।

तहसीलदार की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो खननकारियों को मौके से गिरफ्तार किया। हालांकि, इस दौरान 20 से ज्यादा खननकारी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से भागने में सफल रहे।

उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि, तहसीलदार पर जानलेवा हमला करने वालो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई है और पुलिस को त्वरित कार्यवाही के लिए निर्देशित कर दिया गया है।