योगी आदित्यनाथ को मातृ शोक, 88 वर्ष की उम्र में मां सावित्री देवी का निधन। CM धामी ने जताया दुख
पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मातृ शोक हुआ है। उनकी मां सावित्री देवी का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने फोन पर इस दुखद समाचार की पुष्टि की है। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
पंचूर गांव में रहता है योगी आदित्यनाथ का परिवार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। उनकी मां सावित्री देवी गृहिणी थीं। इससे पहले योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से थीं परेशान
सावित्री देवी की उम्र 88 वर्ष थी और अधिक उम्र के कारण उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था।
उस दौरान वह जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती थीं। मां के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनका हालचाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे।
सीएम धामी ने जताया गहरा शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।
मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
सीएम धामी ने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



