क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड में अपराधियों का तांडव! कहीं पुलिस पर फायरिंग, कहीं मुठभेड़, कहीं हमले में महिला की मौत

उत्तराखंड में अपराधियों का तांडव! कहीं पुलिस पर फायरिंग, कहीं मुठभेड़, कहीं हमले में महिला की मौत

देहरादून। उत्तराखंड में अपराध, सड़क हादसों और वन्यजीवों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं 14 लाख रुपये की लूट के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और हिंदू संगठनों के बीच विवाद गहरा गया है, तो कहीं पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में गोलीबारी हुई है।

हरिद्वार में पुलिस पर फायरिंग करने वाले बदमाशों से लेकर प्रॉपर्टी विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां चलाने वाले आरोपियों तक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

वहीं, देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का खुलासा हुआ है। दूसरी ओर पौड़ी में भालू के हमले में महिला की मौत और रुद्रप्रयाग में ग्रामीणों की शराबबंदी की पहल ने पहाड़ी क्षेत्रों की सामाजिक चुनौतियों को फिर चर्चा में ला दिया है।

14 लाख की लूट के आरोपी की गिरफ्तारी पर विवाद, निष्पक्ष जांच के निर्देश

देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में आरोपी सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल और पुलिस आमने-सामने आ गए हैं।

गिरफ्तारी के विरोध में बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने एसएसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया था। इसके बाद कोतवाली पटेल नगर में दर्ज मुकदमे से संबंधित एक प्रार्थना पत्र पर एसएसपी देहरादून ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रथम को सौंपी गई है।

पुलिस ने संबंधित लोगों से स्वतंत्र साक्ष्य, तथ्य और बयान उपलब्ध कराने की अपील की है। वहीं, न्यायालय की लाइव स्ट्रीमिंग की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों को भी पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

बहादराबाद में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, एक को लगी गोली; दो गिरफ्तार

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गन्ने के खेत में छिपे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुकुल नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की गतिविधियों और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

मसूरी की मालरोड पर नशे में पर्यटक का हंगामा, पिस्तौल जैसी वस्तु दिखाने का आरोप

पर्यटन नगरी मसूरी की मालरोड पर दिल्ली से आए एक पर्यटक ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि पर्यटक तेज रफ्तार से कार चलाकर लोगों की जान जोखिम में डाल रहा था। स्थानीय लोगों के विरोध करने पर उसने गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर पर्यटक ने जेब से पिस्तौल जैसी वस्तु निकालकर लोगों को दिखा दी। इससे आक्रोशित लोगों ने उसकी कार के शीशे तोड़ दिए। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

रुद्रप्रयाग के बरसू पुनाड़ में शराबबंदी का फैसला, हुड़दंग करने वालों पर जुर्माने का प्रस्ताव

रुद्रप्रयाग जिले की ग्राम पंचायत बरसू पुनाड़ में शराब के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों ने सख्त रुख अपनाया है। 14 नवंबर को आयोजित खुली बैठक में ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले तोकों में शराबबंदी को लेकर चर्चा की गई।

ग्राम प्रधान नरेंद्र बिष्ट उर्फ अमित ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर गांव का माहौल खराब करने और हुड़दंग मचाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने महिलाओं से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने और शराब पीने वालों के सामाजिक बहिष्कार का आह्वान किया। बैठक में ऐसे मामलों में जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया।

इसके अलावा गांव में बाहर से आने वाले व्यापारियों और ठेकेदारों से ग्राम पंचायत की ओर से निर्धारित टैक्स वसूलने की व्यवस्था पर भी सहमति बनी। बैठक में महिला मंगल दल की अध्यक्ष प्रिया देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

रानीखेत में चलती कार बनी आग का गोला, छह पर्यटकों ने कूदकर बचाई जान

अल्मोड़ा जिले में रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे हरियाणा के करनाल से आए पर्यटकों की कार में अचानक आग लग गई। कार में छह लोग सवार थे। आग ने देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

हालात बिगड़ते देख सभी छह पर्यटक समय रहते कार से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। राहत की बात रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

फिल्म प्रोड्यूसर हाजी शकील सैफी से 40 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप

हरिद्वार के पिरान कलियर में दरगाह साबिर पाक में जियारत करने पहुंचे दिल्ली निवासी फिल्म प्रोड्यूसर और भाजपा नेता हाजी शकील सैफी को फोन पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर परिवार के सदस्य को बम से उड़ाने की धमकी दी।

पीड़ित ने कलियर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। उनका दावा है कि इससे पहले भी उन्हें धमकी मिल चुकी है और चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जिस मोबाइल नंबर से कॉल आई, उसकी पड़ताल की जा रही है।

लक्सर में पुलिस की गाड़ी को ट्रक ने 200 मीटर तक घसीटा, SSI गंभीर घायल

हरिद्वार जिले के लक्सर में देर रात गश्त कर रही पुलिस टीम की गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया।

वाहन में एसएसआई राजेश बिष्ट के अलावा चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार मौजूद थे। घायल एसएसआई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

देहरादून में गौतस्करों से मुठभेड़, आरोपी इरशाद के पैर में लगी गोली

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास रविवार देर रात पुलिस और गौतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गौकशी का आरोपी इरशाद पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी शमीम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, ऑपरेशन प्रहार के तहत चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया था। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, बाइक, कुल्हाड़ी, दो छुरी और रस्सी बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान जारी है।

पौड़ी में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, ग्रामीणों में दहशत

पौड़ी जिले के दुगड्डा ब्लॉक के ग्राम चरेख में भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजना देवी पत्नी बनवीर सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गांव के समीप जंगल में घास लेने गई थीं, तभी भालू ने उन पर हमला कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद महिलाएं मौके पर पहुंचीं और पत्थर फेंककर भालू को भगाया।

गंभीर रूप से घायल अंजना देवी को कोटद्वार अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार का खुलासा, संचालिका गिरफ्तार

राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सहस्त्रधारा रोड स्थित सनराइज स्पा सेंटर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सर्विस के नाम पर ग्राहकों को अनैतिक देह व्यापार की सुविधा दी जा रही थी।

छापेमारी के दौरान एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने मौके से 3,740 रुपये और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। स्पा संचालिका को गिरफ्तार कर अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पौड़ी में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी, PWD कर्मचारी पर फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप

पौड़ी जिले में लोक निर्माण विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से ठगी का मामला सामने आया है। रिखणीखाल ब्लॉक के डबराड़ बूथानगर निवासी आशीष कुमार ने आरोप लगाया कि विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में तैनात कर्मचारी रविंद्र रावत ने उसे कनिष्ठ सहायक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया।

आरोप है कि 32 हजार रुपये मासिक वेतन का भरोसा देकर उससे 10 हजार रुपये मांगे गए, जिसमें से उसने 8,500 रुपये दे दिए। इसके बाद उसे प्रांतीय खंड देहरादून के नाम से कथित नियुक्ति पत्र भी दिया गया।

जब युवक ज्वाइनिंग के लिए विभागीय कार्यालय पहुंचा तो नियुक्ति की जानकारी फर्जी निकली। मुख्य अभियंता मुकेश परमार ने नियुक्ति पत्र को फर्जी बताया है। फिलहाल युवक ने ठगी का आरोप लगाया है और मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ज्वालापुर में प्रॉपर्टी विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, चार आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र के सुभाषनगर में मामूली विवाद के बाद प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर की रात पांच लोग दो वाहनों में सवार होकर पहुंचे और निशांत यादव पर फायरिंग की।

मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुग्गावाला क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और संदीप उर्फ मोनू शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फॉर्च्यूनर कार, 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, 32 बोर की देशी पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

सेलाकुई में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी

देहरादून जिले के सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया में आसन नदी किनारे स्थित कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का काला गुबार फैल गया।

सूचना पर सेलाकुई पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गोदाम में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हालांकि, दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।