Weather Alert: उत्तराखंड के इन सात जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, बढ़ेगी ठंड

उत्तराखंड के इन सात जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, बढ़ेगी ठंड

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड में इजाफा हो सकता है। राजधानी देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।

इसके साथ ही 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

पहाड़ों में बढ़ेगी ठंड, तापमान में गिरावट के आसार

पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। खासकर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से सर्द हवाओं का असर निचले इलाकों तक पहुंचने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

दीपावली के बाद से ही प्रदेश में सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, प्रदेश के प्रमुख हिल स्टेशनों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।

देहरादून में आंशिक बादल, गरज वाले बादल बनने की संभावना

राजधानी देहरादून में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना जताई है।

देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

केदारनाथ-बदरीनाथ में पहले ही हो चुकी है बर्फबारी

गौरतलब है कि बीते दिनों केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में अच्छी बर्फबारी हुई थी। बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम में नर-नारायण पर्वत की चोटियां बर्फ से ढक गई थीं। वहीं, केदारनाथ धाम में भी बर्फ की सफेद चादर ने प्राकृतिक सौंदर्य को और बढ़ा दिया था।

अब एक बार फिर मौसम में बदलाव के पूर्वानुमान से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इससे जहां पहाड़ों में ठंड बढ़ेगी, वहीं निचले इलाकों में भी सर्द हवाओं का असर महसूस किया जा सकता है।