क्राइम रिपोर्ट: भगवानपुर में एनकाउंटर, मदरसे में मारपीट, रुद्रपुर में बुलडोजर, नैनीताल में गुलदार और छात्र लापता

भगवानपुर में एनकाउंटर, मदरसे में मारपीट, रुद्रपुर में बुलडोजर, नैनीताल में गुलदार और छात्र लापता

देहरादून। उत्तराखंड में अपराध, सड़क हादसों और वन्यजीवों की सक्रियता से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

हरिद्वार के भगवानपुर में पुलिस और गो-तस्करी के आरोपी के बीच मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पथरी क्षेत्र के एक मदरसे में युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

उधर, रुद्रपुर में सीलिंग की भूमि पर अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। नैनीताल के रिहायशी इलाके में गुलदार की आवाजाही से लोगों में दहशत है।

वहीं, मोटाहल्दू में बाइक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चीना पीक से लापता 19 वर्षीय छात्र की तलाश में पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

भगवानपुर में पुलिस और गो-तस्कर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल

हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और गो-तस्करी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी हलजोरा के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर की रात चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि सिकरोड़ा गांव के पास एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी की जा रही है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथी कालू का इंतजार कर रहा था। दोनों की ओर से गोकशी की घटना को अंजाम देने की योजना थी।

इसी दौरान पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं, फरार साथी कालू की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके आपराधिक इतिहास और अन्य गतिविधियों की जांच की जा रही है।

मदरसे में युवक को लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल होने पर 4-5 लोगों के खिलाफ मुकदमा

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव स्थित एक मदरसे में साहिल नाम के युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पहले मदरसे के बाहर युवक के साथ मारपीट की गई और फिर कुछ लोग उसे अंदर ले गए, जहां उसकी पिटाई की गई। मदरसे में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए चार से पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक मारपीट की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार, वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रुद्रपुर में सीलिंग की भूमि पर बुलडोजर कार्रवाई, निर्माणकर्ता जाहिद खान बेहोश होकर गिरा

ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में सीलिंग की भूमि पर निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। वार्ड नंबर 25 की तराई विहार कॉलोनी स्थित फाजलपुर मेहरौला में मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने जेसीबी से निर्माणाधीन भवन को ध्वस्त करना शुरू किया। इसी दौरान भवन निर्माणकर्ता जाहिद खान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रशासन के मुताबिक, संबंधित भूमि सीलिंग की थी और निर्माण को लेकर भवन स्वामी को पहले भी नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया।

10 नवंबर को भवन पर लेंटर डालने की तैयारी की सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। जेसीबी से भवन का एक हिस्सा तोड़े जाने के दौरान जाहिद खान अचानक गश खाकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए।

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन करीब 15 से 20 मिनट तक कार्रवाई रोक दी। जाहिद को अस्पताल ले जाने के बाद दोबारा ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया गया।

नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण जारी था, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।

नैनीताल के रिहायशी इलाके में गुलदार की दस्तक, मॉलरोड के पीछे घर के बाहर घूमता दिखा

सरोवर नगरी नैनीताल में वन्यजीवों की आवाजाही अब रिहायशी इलाकों तक पहुंच गई है। मल्लीताल के राजपुरा क्षेत्र के समीप टी-पॉइंट पर एक वयस्क गुलदार घर के बाहर चहलकदमी करता सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। यह स्थान मॉलरोड स्थित ग्रैंड होटल और नानक होटल के पीछे महज करीब 50 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।

स्थानीय निवासी दिलावर के अनुसार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने पहले ही उन्हें क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी का एहसास होने की बात बताई थी। इसके बाद उन्होंने पिछले महीने अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगवाया।

घर की टिन की छत पर किसी जानवर के चलने और कूदने की आहट सुनाई देने पर जब उन्होंने कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें एक बड़ा गुलदार घर के बाहर घूमता दिखाई दिया।

सोमवार रात भी ऐसी ही आहट सुनाई देने पर मंगलवार सुबह कैमरे की रिकॉर्डिंग जांची गई, जिसमें गुलदार की मौजूदगी फिर सामने आई।

स्थानीय निवासी ने देर रात काम से लौटने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से समूह में आने-जाने, आवाज करते रहने और जरूरत पड़ने पर लाठी साथ रखने की अपील की है। साथ ही अंधेरे और सुनसान रास्तों से गुजरने से बचने की सलाह दी है।

मोटाहल्दू बाइपास पर बाइक बिजली के पोल से टकराई, 22 वर्षीय युवक की मौत

नैनीताल जिले के मोटाहल्दू बाइपास पर हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान अल्मोड़ा जिले के ग्राम गल्ली, पोस्ट कफलनी (दन्या) निवासी महेंद्र कुमार पुत्र किशन राम के रूप में हुई है।

महेंद्र करीब चार महीने पहले काम की तलाश में हल्द्वानी आया था और रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में कुक का काम करता था।

मंगलवार को वह रामपुर रोड से मोटाहल्दू बाइपास होते हुए बरेली रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान के बाहर लगे बिजली के पोल से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची टीपी नगर चौकी पुलिस उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बताया गया कि महेंद्र और उसके बड़े भाई बसंत कुमार दोनों की शादी तय हो चुकी थी और परिवार में एक साथ शादी की तैयारियां चल रही थीं। महेंद्र की मौत की खबर से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

चीना पीक से लापता 19 वर्षीय छात्र की तलाश तेज, पुलिस-एसडीआरएफ समेत कई टीमें जंगलों में जुटीं

नैनीताल की ऊंची चोटी चीना पीक (नयना पीक) से लापता हुए 19 वर्षीय छात्र अर्णव कुमार सिंह का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

छात्र की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग, दमकल विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों को लगाया गया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगलों के कारण सर्च ऑपरेशन में चुनौतियां आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, बिहार के मुंगेर से आए तीन दोस्त 4 नवंबर को हल्द्वानी पहुंचे थे। यहां उन्होंने ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के छात्र अर्णव से संपर्क किया। इसके बाद सभी दोस्तों ने 5 नवंबर को आसपास के क्षेत्रों में घूमने के बाद 6 नवंबर को स्कूटी से नैनीताल जाने का कार्यक्रम बनाया।

दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट पर चारों दोस्त चीना पीक की ओर घूमने निकले। बताया जा रहा है कि अर्णव पहले भी इस क्षेत्र में आ चुका था। इसी दौरान फोटो खींचते समय वह अचानक अपने दोस्तों से बिछड़ गया और लापता हो गया।

शाम करीब 5 बजकर 15 मिनट पर उसके तीनों दोस्त टंकी बैंड स्थित वन चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। रातभर तलाश के बावजूद छात्र का कोई पता नहीं चल सका।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन और सीओ अंजना नेगी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें जंगलों में लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद से भी संभावित क्षेत्रों को खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अर्णव के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

पुलिस संपर्क नंबर:

  • मल्लीताल कोतवाली: 05942-2352424
  • प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल: 9411112869
  • पुलिस कंट्रोल रूम नैनीताल: 9411112979

फिलहाल अर्णव की सकुशल बरामदगी के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।