क्राइम अपडेट: देहरादून में आग-चोरी से हड़कंप, हल्द्वानी में 108 ठिकानों पर छापेमारी। डंपर हादसे में चालक गंभीर

देहरादून में आग-चोरी से हड़कंप, हल्द्वानी में 108 ठिकानों पर छापेमारी। डंपर हादसे में चालक गंभीर

देहरादून। राजधानी के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर सोमवार सुबह बालाजी ड्रेस एम्पोरियम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग से दुकान में रखा सामान जलने के कारण लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट के अनुसार, पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बिधौली में बंद हॉस्टल से 30 लाख का सामान चोरी, फर्जी एग्रीमेंट दिखाकर पड़ोसियों को किया गुमराह

देहरादून। बिधौली क्षेत्र में चोरों ने अधिवक्ता रजत दुआ के 30 कमरों वाले बंद हॉस्टल को चार दिन तक निशाना बनाया। चार से सात अक्टूबर के बीच आरोपी गाड़ियों में सामान भरकर ले जाते रहे।

पड़ोसियों के पूछने पर उन्होंने खुद को हॉस्टल का नया मालिक बताते हुए कथित फर्जी एग्रीमेंट भी दिखाया। नौ अक्टूबर को हॉस्टल संचालक के पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ।

चोर 70 बेड, 32 गीजर, 35 अलमारियां, दो डीप फ्रीजर, छह सिलेंडर और 20 दरवाजों समेत खिड़कियों के चैनल, टोंटियां व शावर तक उखाड़ ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की हैं।

बनभूलपुरा में सुबह चार बजे बिजली विभाग की छापेमारी, 108 घरों-प्रतिष्ठानों में मिली गड़बड़ी

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार तड़के चार बजे व्यापक अभियान चलाया। मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में सात टीमों ने किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर सहित विभिन्न इलाकों में छापेमारी की।

विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान 108 घरों और प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी या अन्य अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित मीटर सीज करने और कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई, जबकि मुकदमे दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।

कुछ फीडरों पर 50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस मिलने के बाद विभाग ने सख्ती बढ़ाई है। बिजली चोरी रोकने के लिए मीटर बाहर लगाने, आर्मर्ड केबल और स्मार्ट मीटर लगाने की योजना भी बनाई जा रही है।

हल्द्वानी के हल्दीखाल में बरसाती नाले के कटाव से डंपर हादसा, चालक गंभीर

हल्द्वानी। ग्राम हल्दीखाल के वार्ड नंबर 37 में गोधाम के सामने संपर्क मार्ग पर बरसाती नाले के कटाव के कारण सड़क का हिस्सा असुरक्षित हो गया। रविवार को यहां एक लोडेड डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय संयोजक लोकमनी जोशी ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त, महापौर और क्षेत्रीय विधायक को भी समस्या से अवगत कराने का दावा किया।

हादसे के बाद सड़क की सुरक्षा और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कटाव का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।