BJP में बड़ा बदलाव! प्रभारी से लेकर सह प्रभारी तक बदले, अनिल बलूनी का भी बढ़ा कद
देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड संगठन में बड़ा बदलाव किया है। भाजपा हाईकमान ने प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है।
वहीं, बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को प्रदेश सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले दुष्यंत गौतम प्रदेश प्रभारी और रेखा वर्मा सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
राम माधव को उत्तराखंड की कमान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से बुधवार को कई राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति की गई। इसी क्रम में राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। राम माधव के पास उत्तराखंड के साथ-साथ तमिलनाडु के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी भी रहेगी।
राम माधव लंबे समय से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे 2003 से 2014 तक आरएसएस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे। वर्ष 2014 में उन्हें संघ से भाजपा में प्रतिनियुक्त किया गया।
इसके बाद 2014 से 2020 तक उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में काम किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी की रणनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अगस्त 2026 से वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
सह प्रभारी की जिम्मेदारी भी बदली
प्रदेश सह प्रभारी के पद पर भी बदलाव किया गया है। दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज को उत्तराखंड का सह प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही अरविंद मेनन को भी सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इससे पहले यह जिम्मेदारी रेखा वर्मा संभाल रही थीं।
वहीं, दुष्यंत गौतम को उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी पद से हटा दिया गया है और नई नियुक्तियों में उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
अनिल बलूनी का भी बढ़ा कद
भाजपा हाईकमान ने उत्तराखंड से जुड़े एक अन्य बड़े फैसले में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की संगठनात्मक जिम्मेदारी बढ़ाई है। बलूनी को भाजपा के संवहन विभाग (कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट) का समन्वयक नियुक्त किया गया है।
अनिल बलूनी वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति के मुताबिक, संवहन विभाग के समन्वयक पद पर अनिल बलूनी और मीडिया विभाग के संयोजक पद पर आशीष उषा अग्रवाल की नियुक्ति की गई है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
चुनाव से पहले संगठन में बदलाव
उत्तराखंड विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त होना है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश संगठन में किए गए इन बदलावों को भाजपा की चुनावी तैयारियों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों में जुटी है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति के बाद उत्तराखंड में भाजपा के चुनावी संगठन और रणनीति पर इन बदलावों का असर देखने को मिलेगा।


