Sports: धूमधाम से शुरू हुआ UPL 2026, उद्घाटन समारोह में दिखा क्रिकेट और मनोरंजन का संगम

धूमधाम से शुरू हुआ UPL 2026, उद्घाटन समारोह में दिखा क्रिकेट और मनोरंजन का संगम

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के तीसरे सीजन का सोमवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में भव्य आगाज हुआ।

उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों और बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर के डांस परफॉर्मेंस ने माहौल में रंग भर दिया। इसके साथ ही महिला वर्ग के दो मुकाबलों में देहरादून वॉरियर्स और मसूरी क्वींस ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की।

उद्घाटन समारोह में स्थानीय कलाकारों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को अपनी प्रस्तुतियों के जरिए मंच पर जीवंत किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

वहीं वाणी कपूर की डांस परफॉर्मेंस ने समारोह में बॉलीवुड का तड़का लगाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ग्लैमर के इस संगम ने UPL के तीसरे सीजन के आगाज को खास बना दिया।

देहरादून वॉरियर्स ने पिथौरागढ़ हरिकेन्स को 7 विकेट से हराया

उद्घाटन दिवस के पहले मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स ने पिथौरागढ़ हरिकेन्स को 7 विकेट से शिकस्त दी। देहरादून वॉरियर्स की कप्तान श्वेता वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पिथौरागढ़ हरिकेन्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी। गायत्री आर्य ने 26, अंकिता शाह ने 21 और शगुन चौधरी ने 12 रन बनाए।

देहरादून की ओर से मीनाक्षी जोशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट झटके। वैशाली टोलेरा को दो विकेट मिले।

85 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए देहरादून वॉरियर्स ने 14.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंकिता बिष्ट ने नाबाद 29 रन बनाए, जबकि करीना नेगी ने 26 और कप्तान श्वेता वर्मा ने 12 रन का योगदान दिया। गेंद से शानदार प्रदर्शन के लिए मीनाक्षी जोशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

बारिश ने बदला मुकाबले का समीकरण, मसूरी क्वींस की जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में मसूरी क्वींस ने बागेश्वर एरियल को बारिश से प्रभावित मैच में हराया। बागेश्वर एरियल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए।

कप्तान प्रेमा रावत ने 19 गेंदों में 36 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल था। निर्जला ने 20 रन बनाए।

मसूरी क्वींस की ओर से रोशनी दानू और आरियांशी तोमर ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने के दौरान बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा और मुकाबला घटाकर 11 ओवर का कर दिया गया। DLS नियम के तहत मसूरी क्वींस को 62 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।

मसूरी क्वींस ने 9 ओवर में एक विकेट खोकर 62 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। आरती भंडारी ने 41 गेंदों में नाबाद 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि कप्तान नंदिनी कश्यप ने 26 रन बनाए। आरती भंडारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच

जीत के बाद मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने कहा कि बारिश के बाद पिच पर बल्लेबाजी आसान नहीं थी और गेंद नीची रह रही थी। टीम ने परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनाकर लक्ष्य हासिल किया।

उन्होंने कहा कि UPL अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच है। फ्लडलाइट्स में खेलने, मीडिया एक्सपोजर हासिल करने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने से युवा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद मिलती है।

UPL 2026 के महिला वर्ग में इस बार मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन दोनों मुकाबलों के साथ महिला प्रतियोगिता का रोमांचक आगाज हुआ।

उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के सचिव विनय शंकर पांडे, CAU के पूर्व सचिव माहिम वर्मा, पी.सी. वर्मा, CAU अध्यक्ष दीपक मेहरा, सचिव किरण वर्मा, UPL अध्यक्ष सुनील जोशी और COO नवनीत मिश्रा समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।