गुड न्यूज: यूनियन बैंक की 14 नई पहलें लॉन्च, ग्राहकों और कर्मचारियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

यूनियन बैंक की 14 नई पहलें लॉन्च, ग्राहकों और कर्मचारियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

देहरादून। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी डिजिटल परिवर्तन यात्रा को नई दिशा देते हुए बैंक की पूर्णतः स्वचालित और केंद्रीकृत बैंकिंग इंटेलिजेंस हब ‘यूनियन सुदर्शन’ का शुभारंभ किया।

मुंबई स्थित बैंक के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वित्तीय सेवाएं विभाग, भारत सरकार के सचिव संजय लोहिया (आईएएस) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष पाण्डेय के साथ इस अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बैंक ने ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने, परिचालन दक्षता में सुधार करने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक सहज बनाने के उद्देश्य से 14 नई रणनीतिक पहलों की भी शुरुआत की।

बैंक के अनुसार इन पहलों को क्षेत्रीय कर्मचारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श और शोध के बाद तैयार किया गया है, ताकि कर्मचारियों को अधिक स्पष्टता, गति और आत्मविश्वास के साथ ग्राहकों की सेवा करने में मदद मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान ‘यूनियन बैंक संग्रहालय’ का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया तथा इसके पूर्ववर्ती कॉर्पोरेशन बैंक और आंध्रा बैंक की विरासत, उपलब्धियों और भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में योगदान को प्रदर्शित किया गया है।

मुख्य अतिथि संजय लोहिया ने अपने संबोधन में डिजिटल बैंकिंग के दौर में साइबर सुरक्षा और साइबर आघात सहनीयता के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग कारोबार सुगमता बढ़ाने, ग्राहक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराने और बैंकिंग प्रणाली को अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं की भागीदारी को विकसित भारत के लक्ष्य के लिए आवश्यक बताया।

यूनियन बैंक के एमडी एवं सीईओ आशीष पाण्डेय ने कहा कि ‘यूनियन सुदर्शन’ बैंक को अधिक स्मार्ट, तेज और भविष्योन्मुखी संस्थान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटेलिजेंट ऑटोमेशन के माध्यम से बैंक दक्षता, गवर्नेंस, जोखिम प्रबंधन और ग्राहक सेवा को नई मजबूती प्रदान कर रहा है।

बैंक के अनुसार ‘यूनियन सुदर्शन’ उन्नत एनालिटिक्स, एआई और मशीन लर्निंग आधारित प्लेटफॉर्म है, जो विभिन्न चैनलों में असामान्य गतिविधियों और जोखिमों की पहचान कर प्रारंभिक स्तर पर चेतावनी देने में सक्षम है। यह पारंपरिक निगरानी प्रणाली से आगे बढ़कर सक्रिय और साक्ष्य-आधारित गवर्नेंस को बढ़ावा देगा।

कार्यपालक निदेशक नितेश रंजन ने कहा कि लॉन्च की गई 14 नई पहलों का उद्देश्य ग्राहकों और कर्मचारियों दोनों के लिए बैंकिंग प्रक्रियाओं को सरल बनाना, समय की बचत करना और सेवाओं को अधिक सुगम बनाना है।

उन्होंने कहा कि ये पहलें यूनियन बैंक को अधिक कुशल और ग्राहक-केंद्रित संस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

बैंक का मानना है कि ‘यूनियन सुदर्शन’ और नई रणनीतिक पहलें भविष्य की बैंकिंग आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर गवर्नेंस, तेज सेवाएं और उत्कृष्ट ग्राहक अनुभव सुनिश्चित करने में मदद करेंगी।