उत्तराखंड कैबिनेट की 10 बड़ी सौगातें। डॉक्टरों, खिलाड़ियों और वकीलों को मिला फायदा
देहरादू। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों में सबसे अधिक राहत एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों, खिलाड़ियों और शासकीय अधिवक्ताओं को मिली है।
वहीं हरिद्वार में नए ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि आवंटन और विभिन्न विभागों की सेवा नियमावलियों में संशोधन जैसे अहम प्रस्तावों पर भी मुहर लगी।
कैबिनेट ने एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों को मिलने वाले स्टाइपेंड को 17 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने का फैसला लिया है।
पिछले कई दिनों से इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। हालांकि उनकी मांग 30 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड की थी, लेकिन सरकार ने इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
खेल क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए भी कैबिनेट बैठक महत्वपूर्ण साबित हुई। खेल नीति-2021 के तहत विभिन्न विभागों में खिलाड़ियों के लिए 283 पद आरक्षित करने का निर्णय लिया गया है।
इन पदों पर खेल विभाग, युवा कल्याण, गृह, परिवहन, शिक्षा और वन विभाग में नियुक्तियां दी जाएंगी। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक (व्यायाम) के 33 पद पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
बैठक में शासकीय अधिवक्ताओं के शुल्क और मानदेय में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और अधीनस्थ न्यायालयों में कार्यरत सरकारी अधिवक्ताओं के शुल्क का पुनर्निर्धारण किया जाएगा।
साथ ही खाद्य एवं विधिक माप विज्ञान विभाग की सेवा नियमावली में संशोधन को भी स्वीकृति दी गई।
ऊर्जा विभाग, वैकल्पिक ऊर्जा विभाग और उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग की वार्षिक रिपोर्ट को विधानसभा पटल पर रखने की मंजूरी दी गई। वहीं कारागार विभाग में अपर महानिदेशक कारागार के एक पद को संवर्गीय ढांचे में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
कैबिनेट ने जीएमवीएन की पार्किंग क्षेत्र में स्थित 972 गज भूमि गढ़वाल सभा को उपलब्ध कराने पर भी सहमति जताई।
इसके अलावा हरिद्वार में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESI) अस्पताल की स्थापना के लिए 15 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
धामी सरकार के इन फैसलों को युवाओं, स्वास्थ्य क्षेत्र और खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से इंटर्न डॉक्टरों और खिलाड़ियों से जुड़े निर्णयों को कैबिनेट बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।


