बड़ी खबर: उत्तराखंड में शिक्षिका पर छात्रा की पिटाई का आरोप, नशे में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति

उत्तराखंड में शिक्षिका पर छात्रा की पिटाई का आरोप, नशे में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति

देहरादून। उत्तराखंड में दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। अल्मोड़ा के लमगड़ा ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर बेंत से मारपीट का मामला सामने आया है।

जबकि नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा क्षेत्र में शराब के नशे में एक व्यक्ति पर पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप है। दोनों मामलों में जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अल्मोड़ा के पुभाऊं स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रा के परिजनों ने एक अतिथि शिक्षिका पर होमवर्क पूरा न करने पर कक्षा छह की छात्रा की बेंत से पिटाई करने का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि छात्रा पिछले चार-पांच दिनों से होमवर्क पूरा करके स्कूल नहीं ला रही थी। इसी बात को लेकर शिक्षिका ने पहले उसे डांटा और आरोप है कि बाद में बेंत से उसकी पिटाई कर दी। घर पहुंचने पर छात्रा के शरीर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान देखकर परिजन आक्रोशित हो गए।

मामले की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे तथा संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रधानाचार्य मारकंडे शुक्ला ने भी छात्रा को पीटने की घटना को गलत बताया और कहा कि शिकायत की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा प्रेमा बिष्ट ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर अतिथि शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरी ओर नैनीताल जिले के तल्ला ओखलकांडा में एक पति पर शराब के नशे में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू 21 अगस्त की रात मजदूरी के बाद घर लौटा था।

आरोप है कि शराब के नशे में उसका अपनी 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।

घटना का खुलासा तब हुआ जब दंपति के बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां सुबह से नहीं उठी है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।

सूचना मिलने पर खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

आरोपी की तलाश के लिए पंपलेट तैयार कर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।