क्राइम अपडेट: उत्तराखंड में अपराधियों की शामत! ठग गिरफ्तार, नशा तस्करों पर कार्रवाई, तमक नाले में लापता जवान मिला

उत्तराखंड में अपराधियों की शामत! ठग गिरफ्तार, नशा तस्करों पर कार्रवाई, तमक नाले में लापता जवान मिला

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आईं। देहरादून में शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर नर्सिंग स्टाफ से 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पिथौरागढ़ से गिरफ्तार किया।

वहीं टिहरी गढ़वाल में पुलिस ने 43.570 किलो डोडा-पोस्त के साथ दो नशा तस्करों को दबोचकर तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त की। ऋषिकेश के चौदह बीघा क्षेत्र में महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब का जखीरा पकड़े जाने का मामला सामने आया है।

दूसरी ओर, चमोली के तमक नाले में 10 अगस्त से लापता बीआरओ के चालक हवलदार पंकज रुधौला का शव 12 दिन तक चले सघन सर्च अभियान के बाद धौलीगंगा नदी के किनारे बरामद कर लिया गया।

शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर 32 लाख की ठगी

देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने नर्सिंग स्टाफ की युवती से शादी और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी चारू चंद्र जोशी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर करीब छह साल तक फार्मासिस्ट के पद पर काम कर चुका है। इसी पुरानी विभागीय पहचान का फायदा उठाकर वह लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देता था।

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को देहरादून के एक निजी अस्पताल में कार्यरत युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। युवती की मुलाकात आरोपी से शादी की वेबसाइट के माध्यम से हुई थी।

आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए अधिकारियों से अच्छी पहचान होने का दावा किया और युवती से शादी करने के साथ स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने नौकरी पक्की कराने के नाम पर अलग-अलग तारीखों में युवती से करीब 32 लाख रुपये ले लिए।

काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो युवती को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच में पता चला कि आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में था। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय कर उसे एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड के बाद आरोपी को देहरादून लाया गया।

सीओ डालनवाला नितिन लोहनी के अनुसार आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी, नैनीताल, काशीपुर और देहरादून में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। पुलिस जांच में फिलहाल आरोपी के किसी परीक्षा एजेंसी या चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्ति के संपर्क में होने के साक्ष्य नहीं मिले हैं।

चौदह बीघा में अवैध शराब का भंडाफोड़

ऋषिकेश के 14 बीघा वार्ड नंबर छह में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं की कार्रवाई चर्चा में रही। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचे जाने की शिकायत के बाद महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान शराब का जखीरा बरामद होने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

टिहरी में 43.570 किलो डोडा-पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

उधर, टिहरी गढ़वाल पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.570 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया।

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर टिहरी पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक जिले में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग के साथ ही नशा तस्करी से जुड़े लोगों की निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

12 दिन बाद धौलीगंगा किनारे मिला बीआरओ जवान का शव

चमोली के ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र में तमक नाले में 10 अगस्त को अतिवृष्टि के बाद आए तेज पानी और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए सीमा सड़क संगठन की 123 यूनिट में तैनात चालक हवलदार पंकज रुधौला का शव 12 दिन बाद बरामद कर लिया गया।

घटना के बाद से चमोली पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं।

तमक नाले के आसपास के संभावित स्थानों के अलावा नदी के किनारों पर भी व्यापक खोजबीन की गई। अभियान में सर्च एंड रेस्क्यू डॉग स्क्वॉड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की विशेष टीमों के साथ ड्रोन की भी मदद ली गई।

लगातार 12 दिनों तक चले सघन अभियान के बाद शनिवार को धौलीगंगा नदी के किनारे भलागांव के समीप पंकज रुधौला का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक ही दिन सामने आई इन घटनाओं ने उत्तराखंड में एक ओर जहां नौकरी के नाम पर सक्रिय ठगी के नेटवर्क और नशा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई को सामने रखा, वहीं दूसरी ओर आपदा प्रभावित दुर्गम इलाकों में लगातार चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियानों की चुनौती भी उजागर की है।