बड़ी खबर: उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के भूकंप से दहशत, घरों से बाहर निकले लोग

उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के भूकंप से दहशत, घरों से बाहर निकले लोग

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। यमुना घाटी से लेकर गंगा घाटी तक कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक खुले स्थानों पर रहे। हालांकि, राहत की बात यह है कि भूकंप से जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, देर रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई।

भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इसका केंद्र बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास रहा।

रात के समय अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में लोग मोबाइल फोन के जरिए अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर भूकंप की स्थिति की जानकारी लेते रहे।

प्रशासन ने जुटाई स्थिति की जानकारी

भूकंप के झटके महसूस होने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय हो गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी जुटाई गई। तहसीलों और संबंधित विभागों से भी संपर्क कर नुकसान का जायजा लिया गया।

प्रशासन के अनुसार अभी तक कहीं भी भवनों में दरार, सड़क क्षतिग्रस्त होने, भूस्खलन या अन्य किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है। जिले में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। उन्होंने कहा कि भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड रही और इसका केंद्र बड़कोट-राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल जिले में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

भूकंप को लेकर सतर्क रहने की अपील

उत्तरकाशी भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील जनपद माना जाता है। रात में आए झटकों के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि, किसी एक भूकंप के आधार पर बड़े भूकंप की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती।

प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना देने को कहा गया है। फिलहाल संबंधित टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए हैं।