बिग ब्रेकिंग: UKSSSC की दो भर्ती परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न।  एक में 76.28% और दूसरी में 47.95% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

UKSSSC की दो भर्ती परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न।  एक में 76.28% और दूसरी में 47.95% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

  • देहरादून के 6 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा, CCTV, जैमर और बायोमेट्रिक व्यवस्था के बीच आयोग ने कंट्रोल रूम से की लाइव मॉनिटरिंग

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा सहायक बोरिंग टेक्नीशियन एवं कंप्यूटर प्रोग्रामर पदों के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 3 दिसंबर 2025 को विज्ञापित इन पदों की परीक्षा 27 सितंबर 2026 को देहरादून जनपद के छह परीक्षा केंद्रों में दो पालियों में आयोजित की गई।

प्रथम पाली में आयोजित सहायक बोरिंग टेक्नीशियन परीक्षा में 76.28 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि द्वितीय पाली में आयोजित कंप्यूटर प्रोग्रामर परीक्षा में 47.95 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए।

परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए थे। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की गई।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए आयोग मुख्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। कंट्रोल रूम में आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया, सदस्य श्याम सुंदर सिंह रौतेला, सदस्य प्रताप सिंह शाह, सचिव एन.एस. डुंगरियाल, परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मी राज चौहान सहित आयोग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

आयोग द्वारा परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से पूरे परीक्षा संचालन की लाइव निगरानी की गई।

आयोग ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन तथा सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।