बिग ब्रेकिंग: भाजपा विधायक काऊ की पत्नी की फर्म पर शासन का बड़ा एक्शन, खनन भंडारण लाइसेंस रद्द

भाजपा विधायक काऊ की पत्नी की फर्म पर शासन का बड़ा एक्शन, खनन भंडारण लाइसेंस रद्द

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने रायपुर से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की पत्नी सुबोधनी शर्मा की साझेदारी वाली फर्म मैसर्स अनन्या एसोसिएट्स की ग्राम थेवा, देहरादून स्थित रिटेल खनिज भंडारण अनुज्ञा (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है।

शासन के अनुसार फर्म उत्तराखंड खनिज नियमावली, 2021 के तहत निर्धारित दूरी संबंधी मानकों का पालन नहीं कर सकी।

उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि 15 जुलाई 2026 की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट और 28 जुलाई के परीक्षण के आधार पर यह कार्रवाई की गई। फर्म को खाता संख्या 43, खसरा संख्या 343 की 0.8115 हेक्टेयर भूमि पर दी गई रिटेल भंडारण अनुज्ञा अब समाप्त मानी जाएगी।

फर्म के साझेदारों में अभिजीत सिंह नेगी, किशन सिंह नेगी, सुबोधनी शर्मा और सुमित सिंह शामिल हैं। सुबोधनी शर्मा भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की पत्नी हैं, जिससे यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है।

शासन ने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण सूचना देने वाले जिम्मेदार कार्मिकों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा इसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए।