बड़ी खबर: सांसद पप्पू यादव पर चाकू से हमले की कोशिश, समर्थकों ने दबोचा आरोपी

सांसद पप्पू यादव पर चाकू से हमले की कोशिश, समर्थकों ने दबोचा आरोपी

नई दिल्ली। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार को उनके दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कथित रूप से चाकू से हमला करने की कोशिश की गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सांसद के समर्थकों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।

पप्पू यादव ने दावा किया कि आरोपी चाकू लेकर उनकी हत्या की नीयत से आया था। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और इस संबंध में कई एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद पप्पू यादव ने कहा, “मेरे घर में कोई कैसे घुस गया? वह मुझे मारने के लिए चाकू लेकर आया था। मैं डरने वाला नहीं हूं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है तो मार ले।

कुछ लोग रोज मुझे मारने और जला देने की धमकियां दे रहे थे। यह मेरी हत्या की साजिश थी, लेकिन मैं बच गया।”
सांसद ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए।

उनके समर्थकों का आरोप है कि हमलावर हमला करने की कोशिश कर रहा था, फिर भी दिल्ली पुलिस उसे बचाने में लगी हुई थी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना स्थल से कथित तौर पर चाकू भी बरामद किया गया है। मामले की जांच जारी है। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।