बड़ी खबर: प्रदेश में दो सनसनीखेज घटनाएं। हल्द्वानी में युवक गायब, बागेश्वर में महिला की संदिग्ध मौत

प्रदेश में दो सनसनीखेज घटनाएं। हल्द्वानी में युवक गायब, बागेश्वर में महिला की संदिग्ध मौत

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। हल्द्वानी में एक मेडिकल स्टोर संचालक पिछले दो दिनों से लापता हैं, जबकि बागेश्वर जिले में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का शव खेत में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी हुई है।

हल्द्वानी में मेडिकल संचालक दो दिन से लापता

मुखानी कोतवाली क्षेत्र के चौफुला निवासी मेडिकल स्टोर संचालक शिवशंकर गोस्वामी 31 जुलाई की सुबह बरेली जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार उनकी अंतिम मोबाइल लोकेशन ऊधमसिंह नगर के नगला क्षेत्र में मिली है। शहर, आसपास के जंगलों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। फुटेज में वह पटेल चौक से एक बस में सवार होते दिखाई दिए हैं।

पति के लापता होने से पत्नी प्रियंका गोस्वामी और बच्चे बेहद परेशान हैं। प्रियंका बच्चों के साथ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के जनता दरबार पहुंचीं और पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। भावुक होकर वह दो बार बेहोश भी हो गईं। मंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने खोज अभियान और तेज कर दिया है।

बागेश्वर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का शव मिला

उधर, बागेश्वर जिले की कांडा तहसील के बांसतोली गांव में 47 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमला देवी का शव घर के पास खेत में एक पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

कांडा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।