PNB और डिजिटल इंडिया भाषिणी में समझौता, अब कई भारतीय भाषाओं में मिलेगी AI आधारित बैंकिंग सेवा

PNB और डिजिटल इंडिया भाषिणी में समझौता, अब कई भारतीय भाषाओं में मिलेगी AI आधारित बैंकिंग सेवा

  • बहुभाषी वॉइस और टेक्स्ट सपोर्ट से डिजिटल बैंकिंग होगी अधिक आसान, समावेशी और ग्राहक-केंद्रित

देहरादून। सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने ग्राहकों को उनकी पसंदीदा भारतीय भाषा में डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

बैंक ने अपने कॉर्पोरेट कार्यालय में डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (DIBD) के साथ बहुभाषी एआई आधारित बैंकिंग सेवाओं के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

समझौते को पीएनबी के कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम, डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के सीईओ अमिताभ नाग तथा पीएनबी के डिजिटल बैंकिंग ट्रांसफॉर्मेशन डिवीजन के मुख्य महाप्रबंधक (डी) अतिश कुमार राउत की उपस्थिति में औपचारिक रूप दिया गया।

इस साझेदारी के तहत भाषिणी की उन्नत बहुभाषी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक को पीएनबी के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इससे ग्राहक वॉइस और टेक्स्ट दोनों माध्यमों से कई भारतीय भाषाओं में सहज रूप से बैंकिंग सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।

पीएनबी के कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम ने कहा कि यह सहयोग डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से समावेशी डिजिटल परिवर्तन को गति देगा। उन्होंने कहा कि बहुभाषी एआई तकनीक भाषा की बाधाओं को दूर कर देशभर के नागरिकों के लिए डिजिटल बैंकिंग को अधिक सुलभ, समान और नागरिक-अनुकूल बनाएगी।

डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के सीईओ अमिताभ नाग ने कहा कि आवश्यक बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच में भाषा कभी बाधा नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने बताया कि यह पहल ‘वॉइस-फर्स्ट’ बहुभाषी बैंकिंग प्रणाली को मजबूत करेगी और ग्राहकों को उनकी पसंदीदा भारतीय भाषा में वित्तीय सेवाओं का लाभ उठाने में मदद करेगी।

वहीं पीएनबी के मुख्य महाप्रबंधक (डी) अतिश कुमार राउत ने कहा कि बैंक सुरक्षित, सरल और ग्राहक-केंद्रित डिजिटल बैंकिंग सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाषिणी के साथ यह साझेदारी विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के ग्राहकों के लिए बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सहज एवं समावेशी बनाएगी।