बिग ब्रेकिंग: 2027 चुनाव की तैयारी में कांग्रेस का बड़ा दांव, उत्तराखंड में राजनीतिक मामलों की समिति गठित

2027 चुनाव की तैयारी में कांग्रेस का बड़ा दांव, उत्तराखंड में राजनीतिक मामलों की समिति गठित

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

पार्टी हाईकमान ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों (पॉलिटिकल अफेयर्स) की समिति के गठन को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ 10 विधायकों को भी शामिल किया गया है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार समिति में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, वरिष्ठ नेता गुरदीप सिंह सप्पल और राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन सहित कई वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया गया है।

इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, सह प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक तिलक राज बेहड़, ममता राकेश, मनोज तिवारी, विक्रम सिंह नेगी, रवि बहादुर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल सिंह तथा ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी को भी समिति में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी का कहना है कि यह समिति प्रदेश में संगठन को अधिक सशक्त बनाने, राजनीतिक गतिविधियों में बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी रणनीति तैयार करने का कार्य करेगी।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान तेज करने में जुटी है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रभारी कुमारी सैलजा लगातार बैठकों और जिलावार दौरों के जरिए चुनावी रणनीति को धार देने में लगे हैं। वहीं, पार्टी हाईकमान भी उत्तराखंड की राजनीतिक गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।