क्राइम: केदारनाथ में हादसा, काशीपुर में साइबर ठगी, हरिद्वार में फिल्म शूटिंग पर बवाल, बागेश्वर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना

केदारनाथ में हादसा, काशीपुर में साइबर ठगी, हरिद्वार में फिल्म शूटिंग पर बवाल, बागेश्वर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना

देहरादून। उत्तराखंड में गुरुवार को चार बड़ी घटनाओं ने लोगों का ध्यान खींचा। एक ओर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं काशीपुर में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग के खाते से 29 लाख रुपये से अधिक उड़ा लिए।

हरिद्वार में फिल्म शूटिंग के दौरान लगाए गए बार एंड रेस्टोरेंट के बोर्ड को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जबकि बागेश्वर में पिकअप वाहन के खाई में गिरने से दो लोगों की जान चली गई।

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा, एक युवक की मौत

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर बड़ी लिनचोली क्षेत्र के पास शॉर्टकट रास्ते से उतरते समय दो युवक गहरी खाई में गिर गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, वाईएमएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एक घायल युवक को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए भेजा गया, जबकि दूसरे युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय प्रियांशु शुक्ला निवासी फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं घायल मोहित पुत्र ओमवीर निवासी दिल्ली का इलाज चल रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित मार्गों पर ही चलने की अपील की है।

काशीपुर में साइबर ठगों ने बुजुर्ग से ठगे 29 लाख रुपये

उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में साइबर अपराधियों ने बैंक अधिकारी बनकर एक वृद्ध व्यक्ति को अपना शिकार बनाया। ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी बैंकिंग एप भेजकर खाते की गोपनीय जानकारी हासिल की और दो दिनों में नौ ट्रांजेक्शनों के जरिए 29,00,022 रुपये निकाल लिए।

पीड़ित सुधेश कुमार ने साइबर हेल्पलाइन और बैंक को सूचना देकर खाता सीज कराया। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और धनराशि की रिकवरी के प्रयास में जुटी है।

हरिद्वार में फिल्म शूटिंग को लेकर विवाद

धर्मनगरी हरिद्वार में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान होटल के बाहर लगाए गए “बार एंड रेस्टोरेंट” के बोर्ड को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने इसे हरिद्वार की धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए आपत्ति जताई।

विरोध बढ़ने पर फिल्म यूनिट और भवन संचालकों ने तत्काल बोर्ड से “बार” शब्द हटाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। स्थानीय लोगों ने कहा कि धार्मिक नगरी की पहचान और आस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बागेश्वर में पिकअप वाहन खाई में गिरा, दो की मौत

बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में तुडतुडिया-भैरों लिंक रोड पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक भगत सिंह और 60 वर्षीय सुरमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।