बिग ब्रेकिंग: NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक की आशंका के बाद CBI जांच। दोबारा होगी परीक्षा

NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक की आशंका के बाद CBI जांच। दोबारा होगी परीक्षा

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। National Testing Agency ने मंगलवार को परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी।

पेपर लीक और गड़बड़ियों की आशंका के बीच एजेंसी ने पूरे मामले की जांच Central Bureau of Investigation को सौंप दी है।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को नया रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी और पहले जमा की गई फीस भी वापस की जाएगी। एजेंसी अपने खर्चे पर परीक्षा का पुनः आयोजन करेगी।

पेपर लीक की सूचनाओं के बाद लिया गया फैसला

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को ऑफलाइन पेन-पेपर मोड में आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद राजस्थान समेत कई राज्यों में पेपर लीक और गड़बड़ियों की सूचनाएं सामने आई थीं। इसके बाद एनटीए ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।

एनटीए ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी देते हुए कहा कि स्वतंत्र एजेंसियों से मिले इनपुट्स के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि वर्तमान परिस्थितियों में परीक्षा को जारी रखना उचित नहीं है। इसलिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

दोबारा जारी होंगे एडमिट कार्ड और नया शेड्यूल

National Testing Agency ने बताया कि पुनर्परीक्षा की तारीख और नया एडमिट कार्ड जल्द जारी किया जाएगा। 2026 में किए गए रजिस्ट्रेशन और परीक्षा केंद्र की प्राथमिकताओं को ही आगे लागू किया जाएगा।

विद्यार्थियों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
एजेंसी ने यह भी कहा कि पहले जमा की गई फीस उम्मीदवारों को रिफंड की जाएगी और पुनर्परीक्षा का पूरा खर्च एनटीए अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगी।
CBI करेगी जांच

भारत सरकार ने पूरे मामले की जांच Central Bureau of Investigation को सौंप दी है। एनटीए ने जांच एजेंसी को हर प्रकार का सहयोग देने की बात कही है। एजेंसी के अनुसार, सभी रिकॉर्ड और तकनीकी सहायता जांच के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

22 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, NEET UG 2026 के लिए करीब 22.79 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा के तीन दिन बाद ही एनटीए ने प्रोविजनल आंसर-की भी जारी कर दी थी।

SOG कर रही थी गेस पेपर की जांच

राजस्थान एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने सोमवार को कहा था कि NEET परीक्षा को लेकर कई तरह की भ्रांतियां सामने आई हैं। उनके मुताबिक, करीब 410 प्रश्नों वाला एक गेस पेपर छात्रों के बीच घूम रहा था, जिसमें से लगभग 120 प्रश्न परीक्षा में आने की बात सामने आई थी।

उन्होंने बताया कि एसओजी यह जांच कर रही है कि इस गेस पेपर के जरिए किसी प्रकार की चीटिंग तो नहीं हुई। फिलहाल मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और गेस पेपर तैयार करने वालों की पहचान की जा रही है।

गहलोत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होना इस बात का संकेत है कि बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार ने मामले को दबाने की कोशिश की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया। गहलोत ने कहा कि एनटीए द्वारा परीक्षा रद्द करना और CBI जांच सौंपना युवाओं के हित में लिया गया बड़ा निर्णय है।