SGRRU में जैनिथ-2026 की धमाकेदार शुरुआत, प्रियंका मेहर के लोक रंग और डीजे बीट्स पर झूमे छात्र
- आशा भोसले को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
- लोक संस्कृति और मॉडर्न म्यूजिक का शानदार संगम
- आज गायक विशाल मिश्रा की प्रस्तुति का इंतजार
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव जैनिथ-2026 का आगाज सोमवार को बेहद उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
विश्वविद्यालय के हेलीपैड ग्राउंड, पथरी बाग में आयोजित कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं की मौजूदगी ने माहौल को पूरी तरह ऊर्जावान बना दिया।
महोत्सव का पहला दिन उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका प्रियंका मेहर और डीजे निक की धमाकेदार प्रस्तुतियों के नाम रहा। वहीं मंगलवार को बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसे लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
लोक संस्कृति की झलकियों से सजा मंच
कार्यक्रम की शुरुआत प्रियंका मेहर की शानदार प्रस्तुति से हुई। उन्होंने “स्वामी जी”, “घना-घना”, “झूमेलो”, “घसकाटी”, “निंद चोरी”, “सुघड़ी नारी”, “पानी-पानी”, “छम्मा-छम्मा”, “नंदा देवी गीत”, “फूलदेई” और “बेडू पाको बारो मासा” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गढ़वाली वेशभूषा, लोक नृत्य और पारंपरिक संगीत के साथ प्रस्तुत कार्यक्रम ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। दुधिया रोशनी में नहाए हेलीपैड ग्राउंड में छात्र-छात्राओं ने फ्लैशलाइट्स जलाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान महान गायिका आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रियंका मेहर और डीजे निक ने उनके सदाबहार गीतों को प्रस्तुत कर उन्हें याद किया, जिससे पूरा माहौल भावुक हो गया।
विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि आशा भोसले के गीतों ने पीढ़ियों को जोड़ा है और भारतीय संगीत जगत में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
डीजे निक की बीट्स पर थिरके युवा
डीजे निक ने हाई-वोल्टेज साउंड और बॉलीवुड रीमिक्स ट्रैक्स के साथ माहौल को एक ओपन एयर क्लब में बदल दिया। जैसे ही बीट्स गूंजीं, छात्र-छात्राएं झूम उठे और कार्यक्रम के अंत तक डांस फ्लोर जैसा माहौल बना रहा।
बड़ी संख्या में रही मौजूदगी
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. प्रतापन, कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर, आयोजन समिति के पदाधिकारी, फैकल्टी सदस्य, स्टाफ और हजारों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
जैनिथ-2026 का पहला दिन जहां लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत के संगम के नाम रहा, वहीं अब सभी की नजरें दूसरे दिन होने वाली विशाल मिश्रा की प्रस्तुति पर टिकी हैं।

