क्राइम अपडेट: एक के बाद एक वारदात। कहीं दुष्कर्म, कहीं मौत, कहीं पुलिस एक्शन, पढ़ें….

एक के बाद एक वारदात। कहीं दुष्कर्म, कहीं मौत, कहीं पुलिस एक्शन, पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में अपराध, हादसे और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर जहां पौड़ी में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

वहीं उधम सिंह नगर में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। दूसरी तरफ चंपावत में वन्यजीव तस्करी का मामला सामने आया है, जबकि देहरादून में मारपीट और ठगी के मामलों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

पौड़ी: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी जिले के कोटद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मिलेश चौहान उर्फ आर्यन चौहान (21) निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई है।

देहरादून: संपत्ति विवाद में 14 लोग गिरफ्तार

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के 14 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। बताया जा रहा है कि विवादित जमीन गोल्डन फॉरेस्ट की है, जिसकी रजिस्ट्री दोनों पक्षों के नाम बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधम सिंह नगर: सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत

उधम सिंह नगर के पंतनगर क्षेत्र में टांडा जंगल के पास देर रात हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों दोस्त शादी समारोह से लौटने के बाद मोबाइल लेने के लिए दोबारा निकले थे।

रास्ते में तेज रफ्तार कार और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

चंपावत: गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार

चंपावत में एसओजी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक सिंह बोहरा को करीब 2 मीटर लंबी गुलदार की खाल के साथ पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने गुलदार को फंदा लगाकर मारने की बात कबूली है। पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर तस्कर के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

देहरादून: महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून के प्रेमनगर थाने में महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस ने प्रतीक्षा सेमवाल, उसके पति और भाई को गिरफ्तार किया है।

मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपियों पर एक व्यवसायी के साथ करीब 55 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाने में हंगामा किया और महिला उपनिरीक्षक के साथ मारपीट की।

पुलिस का सख्त रुख

प्रदेशभर में सामने आई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। महिला अपराध, सड़क सुरक्षा और वन्यजीव तस्करी जैसे मामलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।