अपडेट: मां डाट काली मंदिर में 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रहेगा बंद

मां डाट काली मंदिर में 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रहेगा बंद

देहरादून। देहरादून स्थित प्रसिद्ध मां डाट काली मंदिर में 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

रविवार को मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और मंदिर प्रबंधन से जुड़े अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। यह निर्णय प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से लिया गया है।

बैठक की अध्यक्षता मंदिर के पूजनीय महंत रमण प्रसाद गोस्वामी के सुपुत्र शुभम गोस्वामी और संयम गोस्वामी ने की। इस दौरान मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल (टीटू भाई) और गौरव कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने देहरादून दौरे के दौरान मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मंदिर में लगभग 5 से 10 मिनट तक पूजा करेंगे, जिसके बाद वे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मंदिर समिति ने जानकारी दी कि 12 अप्रैल शाम 5 बजे से 14 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक मंदिर में आम भक्तों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और 14 अप्रैल दोपहर 2 बजे के बाद ही दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे।

बैठक में आचार्य अनूप ममगाईं, आचार्य विजेंद्र थपलियाल, आचार्य प्रवीण जुयाल, वासु परविंदा, विक्की खत्री, शिवम गोयल और गोकुल परविंदा समेत कई सदस्य मौजूद रहे।