बिग ब्रेकिंग: SSP कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग, धमाके और धुएं से मचा हड़कंप, समय रहते काबू

SSP कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग, धमाके और धुएं से मचा हड़कंप, समय रहते काबू

नैनीताल। नैनीताल स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय में सोमवार दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान तेज बदबू, धुआं और हल्के धमाकों की आवाज ने कर्मचारियों को दहशत में डाल दिया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:15 बजे कर्मचारियों को मीटर की तार जलने की तीखी गंध महसूस हुई। जब मौके पर जाकर देखा गया तो विद्युत मीटर में चिंगारियों के साथ आग लगी हुई थी। तत्काल कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंगयुशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया।

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग और दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। एहतियातन तुरंत शटडाउन लिया गया, जिसके बाद हाइडिल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

विभागीय कर्मचारी कंचन जोशी के अनुसार, एसएसपी कार्यालय का विद्युत मीटर फुंक गया था, जिसे शटडाउन लेकर अलग किया गया और जांच के बाद दोबारा फिट किया गया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति को बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान सूखाताल क्षेत्र से शटडाउन लेने के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अधिक लोड या ढीले तार के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे यह घटना हुई।

गौरतलब है कि इससे पहले 24 दिसंबर 2025 को भी नैनीताल में SSP आवास में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसे फायर सर्विस ने समय रहते नियंत्रित कर लिया था। उस दौरान आग लगने का कारण चिमनी को माना गया था।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसने सरकारी कार्यालयों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।