जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में ‘स्पर्धा-26’ स्पोर्ट्स मीट का सफल समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में ‘स्पर्धा-26’ स्पोर्ट्स मीट का सफल समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

देहरादून। जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में आयोजित दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट ‘स्पर्धा-26’ का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।

इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खेलों से होता है सर्वांगीण विकास

समापन समारोह के मुख्य अतिथि नवीन ठाकुर ने कहा कि खेल गतिविधियां छात्रों के चहुंमुखी विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि खेल छात्रों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं।

खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण: कुलपति

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. शंकर रामामूर्ति ने कहा कि जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना और सहभागिता है। उन्होंने छात्रों को निरंतर प्रयास करने और अपनी क्षमताओं को पहचानने की प्रेरणा दी।

विशेष अतिथि ने बढ़ाया उत्साह

स्पोर्ट्स मीट के पहले दिन देहरादून जिला फुटबॉल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तराखंड थ्रोबॉल एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा की उपस्थिति रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में रजिस्ट्रार इंचार्ज डॉ. योगेश नंदा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अल्का गौड़ ने किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ‘स्पर्धा-26’ ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि छात्रों में उत्साह, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा की भावना भी जगाई।