बड़ी खबर: कुट्टू का आटा बना जहर! 11 लोग बीमार, 6 की हालत गंभीर, कई दुकानें बंद

कुट्टू का आटा बना जहर! 11 लोग बीमार, 6 की हालत गंभीर, कई दुकानें बंद

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थ खाने के बाद 11 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि सभी प्रभावित लोगों ने कुट्टू के आटे से बने पकवान खाए थे, जिसके कुछ ही समय बाद उन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत रुद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, 5 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 6 लोगों की हालत गंभीर होने के चलते अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज जारी है।

अस्पताल में भर्ती एक मरीज सौरभ राजपूत ने बताया कि खाना खाने के कुछ देर बाद ही उन्हें, उनकी मां और बहन को तेज उल्टी और पेट दर्द शुरू हो गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाना पड़ा।

रुद्रपुर जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एमके तिवारी के मुताबिक, सभी मरीजों की हालत पर नजर रखी जा रही है और प्रारंभिक जांच में दूषित कुट्टू के आटे से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है।

वहीं, घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ललित मोहन पांडे के नेतृत्व में टीम ने सुभाष कॉलोनी, मुख्य बाजार और रम्पुरा क्षेत्र की कई दुकानों पर छापेमारी कर कुट्टू का आटा और मूंगफली के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।

अधिकारी ने बताया कि पहले से ही खुले में कुट्टू का आटा बेचने पर रोक थी, लेकिन कुछ दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। ऐसे में कई दुकानों को बंद कराया गया है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचें और केवल पैक्ड व प्रमाणित उत्पाद ही खरीदें। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खाद्य सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।