बड़ी खबर: रुद्रप्रयाग में लिव-इन पार्टनर ने की युवती की हत्या, देहरादून में कट्टे में मिला महिला का शव
देहरादून/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में दो अलग-अलग स्थानों पर सामने आए सनसनीखेज हत्याकांडों ने पुलिस और आम लोगों को झकझोर दिया है।
एक ओर रुद्रप्रयाग में होटल के कमरे में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में जंगल के भीतर कट्टे में महिला का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है।
देखें विडियो…
रुद्रप्रयाग होटल मर्डर का खुलासा
रुद्रप्रयाग शहर में सात मार्च को एक होटल के कमरे में युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड में मृतका के लिव-इन पार्टनर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों को हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र से पकड़ा गया और रुद्रप्रयाग लाया गया।
पुलिस के अनुसार सात मार्च की रात करीब आठ बजे गैलेक्सी होटल से सूचना मिली थी कि एक युवती कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि युवती अपने लिव-इन पार्टनर और उसके दोस्त के साथ छह मार्च को होटल में ठहरी थी। सात मार्च को दोनों युवक यह कहकर होटल से निकले कि वे थोड़ी देर में वापस आएंगे, लेकिन देर शाम तक न लौटने पर होटल संचालक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
हरियाणा की रहने वाली थी मृतका
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका की पहचान काजल (लगभग 30 वर्ष) निवासी पीपली जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को 10 मार्च की शाम हरियाणा के पटियाला रोड, थाना चीका क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
चुन्नी से गला घोंटकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। छह मार्च को वे हरिद्वार होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचे और होटल में कमरा लिया।
सात मार्च की सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ जो मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अरुण ने काजल को पकड़ लिया और उसके साथी अक्षय ने पहले गला दबाया और बाद में चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए।
देहरादून में जंगल से मिला महिला का शव
उधर देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपर सुद्धोवाला स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक कट्टे के अंदर महिला का शव बरामद हुआ है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि शव काफी पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में है, जिससे महिला की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
हत्या की आशंका, जांच तेज
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंका गया होगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह अंतिम बार किसके साथ देखी गई थी।
इन दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अपराध को लेकर चर्चा तेज हो गई है।



