श्रीनगर में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, चार घंटे इंतजार के बाद राज्यपाल सड़क मार्ग से गैरसैंण रवाना
देहरादून। श्रीनगर में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) को करीब चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जब हेलीकॉप्टर सेवा के आसार नजर नहीं आए तो वह शाम 5 बजकर 5 मिनट पर सड़क मार्ग से गैरसैंण के लिए रवाना हो गए।
दरअसल, राज्यपाल रविवार दोपहर देहरादून से गैरसैंण के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित करा दी।
हेलीकॉप्टर के उतरते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को तुरंत श्रीनगर के पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच और आगे की उड़ान के विकल्पों पर विचार किया गया।
बताया गया कि विकल्प के तौर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध था, लेकिन उसमें जगह नहीं होने के कारण तय किया गया कि पहले मुख्यमंत्री को गैरसैंण पहुंचाया जाएगा और इसके बाद हेलीकॉप्टर वापस लौटकर राज्यपाल को ले जाएगा।
हालांकि वापसी के दौरान मौसम अनुकूल नहीं पाया गया, जिसके चलते हेलीकॉप्टर सेवा संभव नहीं हो सकी। ऐसे में राज्यपाल ने सड़क मार्ग से गैरसैंण जाने का निर्णय लिया। रवानगी से पहले वह करीब चार घंटे तक श्रीनगर के पुलिस गेस्ट हाउस में ही रुके रहे।



