सड़क हादसे में थारू समाज की लोकगायिका रिंकू राणा की मौत, सीएम धामी ने जताया शोक
खटीमा। सीमांत क्षेत्र के थारू जनजाति समाज की उभरती लोकगायिका रिंकू राणा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब वह होली मनाकर अपनी भतीजी के साथ स्कूटी से मायके बिचपुरी (नानकमत्ता) से लौट रही थीं.
रास्ते में ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गईं. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी भतीजी का इलाज जारी है.
रिंकू राणा (36) नानकमत्ता क्षेत्र की रहने वाली थीं और थारू जनजाति की उभरती लोकगायिका के रूप में पहचान बना रही थीं.
वह लोक कलाकार बंटी राणा के सांस्कृतिक दल के साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती थीं और दल की प्रमुख कलाकारों में शामिल थीं.
रिंकू राणा अपने पीछे पति महेश सिंह और 9 साल के बेटे निशांत सिंह को छोड़ गई हैं. उनके निधन से परिजनों और थारू समाज के कलाकारों में शोक की लहर है.
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रिंकू राणा के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि लोकसंस्कृति और लोकसंगीत के संरक्षण में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा.
इसके अलावा खटीमा विधायक और उपनेता प्रतिपक्ष Bhuvan Kapri ने भी रिंकू राणा के असामयिक निधन को समाज और लोकसंस्कृति के लिए बड़ी क्षति बताया है.


