रुद्रपुर में स्टील कारोबारी के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त
रिपोर्ट- दिलीप अरोरा
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। आय से अधिक संपत्ति, कर चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रुद्रपुर में बड़ी कार्रवाई की है।
एजेंसी की टीम ने शहर के एक प्रमुख स्टील कारोबारी के आवास और कार्यालयों पर एक साथ छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए हैं। देर रात तक चली इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे दिल्ली से पहुंची ईडी की दो टीमें मेट्रोपोलिस कॉलोनी स्थित कारोबारी के आवास और सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कंपनी कार्यालय पर पहुंचीं।
अधिकारियों ने दोनों परिसरों को अपने नियंत्रण में लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप, वित्तीय फाइलें और लेखा-जोखा से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। कर्मचारियों से पूछताछ की गई और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को कुछ ऐसे दस्तावेज मिले हैं जिनमें लेन-देन में अनियमितताओं और कर देनदारियों से बचने के संकेत पाए गए हैं। कुछ संदिग्ध वित्तीय ट्रांजैक्शन भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।
हालांकि ईडी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही वित्तीय अनियमितताओं की जांच का हिस्सा है। देर रात तक चली तलाशी के बाद जब्त किए गए रिकॉर्ड को सील कर एजेंसी अपने साथ ले गई।
घटनाक्रम के बाद रुद्रपुर के उद्योग जगत में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय व्यापारियों के बीच चर्चा का माहौल है। कुछ इसे वित्तीय पारदर्शिता की दिशा में सख्त कदम मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे व्यापक जांच की शुरुआत बता रहे हैं।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संपर्क करने पर संबंधित लोगों के फोन बंद मिले। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



