बिग ब्रेकिंग: बोर्ड परीक्षा में ‘मुन्ना-मुन्नी’ गैंग का पर्दाफाश, 7 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार

बोर्ड परीक्षा में ‘मुन्ना-मुन्नी’ गैंग का पर्दाफाश, 7 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार

हरिद्वार। जिले में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। असली छात्र-छात्राओं की जगह दूसरे लोगों को परीक्षा देते पकड़ा गया है।

मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर का है, जहां हिन्दी की बोर्ड परीक्षा के दौरान सात संदिग्ध परीक्षार्थियों को पकड़ा गया।

परीक्षा कक्ष में बैठी चार युवतियां और तीन युवक जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए। सत्यापन में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वास्तविक परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा देने की कोशिश की। कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची रानीपुर पुलिस ने सातों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि एक अन्य संदिग्ध परीक्षा केंद्र से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला संगठित गिरोह से जुड़ा प्रतीत होता है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी परीक्षार्थियों की व्यवस्था किसने की, असली अभ्यर्थियों की क्या भूमिका थी और क्या इस रैकेट के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हैं।

बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने वाले इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।