धामी कैबिनेट की अहम बैठक आज
देहरादून। राज्य सचिवालय में आज धामी सरकार की अहम कैबिनेट बैठक होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। माना जा रहा है कि बजट सत्र से ठीक पहले होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
9 मार्च से शुरू होगा बजट सत्र
राज्य विधानसभा का बजट सत्र भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 9 मार्च से शुरू होगा। ऐसे में कैबिनेट बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि सदन में पेश होने वाले विधेयकों को अंतिम मंजूरी इसी बैठक में मिल सकती है।
समान नागरिक संहिता संशोधन विधेयक पर अंतिम स्वीकृति संभव
सूत्रों के अनुसार, समान नागरिक संहिता (UCC) संशोधन विधेयक पर भी कैबिनेट की अंतिम स्वीकृति मिल सकती है। प्रस्तावित संशोधन में कई अपराधों के लिए दंड अवधि तय करने का प्रावधान शामिल बताया जा रहा है। यदि कैबिनेट हरी झंडी देती है, तो इसे बजट सत्र में सदन के पटल पर रखा जाएगा।
वार्षिक प्रतिवेदन और बजट 2026-27 पर चर्चा
बैठक में विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन भी पेश किए जा सकते हैं। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव को भी कैबिनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है।
सरकार का फोकस बुनियादी ढांचा, रोजगार, निवेश और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर रहने की उम्मीद है।
राजनीतिक दृष्टि से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि बजट सत्र से पहले सरकार अपनी नीतिगत प्राथमिकताओं को स्पष्ट करना चाहती है। आने वाले सत्र में विपक्ष द्वारा संभावित मुद्दों को देखते हुए सरकार की रणनीति भी इसी बैठक में तय हो सकती है।



