बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में कोडीन सिरप पर कड़ा प्रहार, देहरादून में दो फार्मा यूनिट सील

उत्तराखंड में कोडीन सिरप पर कड़ा प्रहार, देहरादून में दो फार्मा यूनिट सील

देहरादून। उत्तराखंड में कोडीन युक्त सिरप और अन्य मनःप्रभावी दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

देहरादून में दो दवा प्रतिष्ठानों को सील किया गया है, जबकि हरिद्वार में स्टॉक रोका गया और उधम सिंह नगर में नोटिस चस्पा किया गया है।

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त सचिन कुर्वे के निर्देश पर विभाग ने शून्य सहनशीलता नीति अपनाते हुए औचक निरीक्षण तेज कर दिए हैं। देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र में,

Mystic Pharma Healthcare और Trust Way Pharmaceutical में अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों इकाइयों को सील कर चाबियां संबंधित थाने को सौंप दी गईं।

हरिद्वार जिले के बहादराबाद (सलेमपुर) स्थित Animets Life Sciences Pvt Ltd में नियमों के उल्लंघन पर औषधियों का स्टॉक फॉर्म-15 के तहत रोक दिया गया है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

वहीं रुद्रपुर में Futec Pharmaceuticals Pvt Ltd निरीक्षण के दौरान बंद मिला। इस पर औषधि अधिनियम के तहत नोटिस चस्पा कर कंपनी संचालक को टीम की उपस्थिति में प्रतिष्ठान खोलने के निर्देश दिए गए हैं।

तीन विशेष दल गठित

दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए औषधि निरीक्षकों के तीन विशेष दल बनाए गए हैं। साथ ही पारदर्शिता के लिए क्रॉस-डिस्ट्रिक्ट निरीक्षण व्यवस्था लागू की गई है, ताकि जांच निष्पक्ष और प्रभावी हो सके।

आयुक्त सचिन कुर्वे ने स्पष्ट किया कि बिना प्रिस्क्रिप्शन बिक्री, अवैध भंडारण या रिकॉर्ड में हेरफेर पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सरकार की प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

विभाग ने सभी लाइसेंसधारकों को नियमों का सख्ती से पालन करने और प्रत्येक कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।