अर्ध कुंभ 2027 से पहले हरिद्वार में बुलडोजर एक्शन, रेलवे स्टेशन क्षेत्र अतिक्रमणमुक्त
हरिद्वार। 2027 में प्रस्तावित अर्ध कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया है।
सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में देवपुरा चौक से रेलवे स्टेशन तक व्यापक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान फुटपाथ पर लगी रेड़ी-पटरी और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। रेलवे स्टेशन की बाउंड्री से सटे नाले पर बनी अवैध दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त किया गया।
इसके अलावा रेलवे सीमा में बनाए गए अवैध गोदामों को तोड़कर सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने अभियान जारी रखा।
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्ध कुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अवैध अतिक्रमण हटाने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए थे।
इसके बाद प्रशासन ने शहर के प्रमुख इलाकों में अभियान शुरू कर दिया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि कांवड़ मेला, स्नान पर्व और अर्ध कुंभ से पहले हरिद्वार शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाया जाएगा।
साथ ही नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रखेगी, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।



