बिग ब्रेकिंग: शिवरात्रि तक रुद्रपुर-काशीपुर में मीट बिक्री बंद, उल्लंघन पर सख्त जुर्माना

शिवरात्रि तक रुद्रपुर-काशीपुर में मीट बिक्री बंद, उल्लंघन पर सख्त जुर्माना

रुद्रपुर। कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि को देखते हुए उधम सिंह नगर के रुद्रपुर और काशीपुर नगर निगम ने 15 फरवरी तक कच्चे और पके मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

आदेश का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नगर निगम की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, मीट की दुकानों के साथ-साथ होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में मांसाहारी व्यंजन परोसने पर भी रोक रहेगी।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने पुलिस, खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के सम्मान में लिया गया है। महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं, ऐसे में शांति, सौहार्द और धार्मिक गरिमा बनाए रखना प्राथमिकता है।

नगर निगम की टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी। प्रतिबंध के दौरान कहीं भी मांस की बिक्री पाई गई तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ तुरंत जुर्माना और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए धार्मिक पर्व की मर्यादा बनाए रखने का आग्रह किया है।