बिग ब्रेकिंग : हल्द्वानी डबल मर्डर, जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी डबल मर्डर, जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गल्ला मंडी परिसर के अंदर एक युवक और युवती के शव बरामद हुए। दोनों की बेरहमी से पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मंडी परिसर में मिले शव, पुलिस में मचा हड़कंप

सुबह काम पर पहुंचे श्रमिकों ने सबसे पहले मंडी परिसर में युवक और युवती के शव देखे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ, कोतवाल और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।

बेरहमी की इंतहा, पहचान करना मुश्किल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के सिर पत्थर से इस कदर कुचले गए हैं कि चेहरा पहचानना मुश्किल हो गया है। हत्या की क्रूरता ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।

शिनाख्त की कोशिश जारी

पुलिस के मुताबिक युवती की उम्र करीब 21-22 वर्ष और युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी गई है। युवक की जेब से अल्मोड़ा जिले की एक आईडी कार्ड मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं युवती के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त में दिक्कत आ रही है।

लगातार दूसरी बड़ी वारदात से बढ़ी चिंता

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही देहरादून में तिब्बती बाजार क्षेत्र में एक गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि पुलिस ने उस मामले में 12 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब हल्द्वानी में हुए इस डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाना नैनीताल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

जांच के कई एंगल पर काम

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश या अन्य आपराधिक एंगल से भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल पूरे शहर में इस निर्मम हत्या को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।