बिग ब्रेकिंग: लापरवाही पर प्रशासन का डंडा, DPRO का वेतन रोका तो जारी हुए डेथ सर्टिफिकेट
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में लापरवाही बरतने के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), देहरादून के वेतन आहरण पर रोक लगा दी। कार्रवाई के बाद लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए।
यह मामला विकासखंड डोईवाला के ग्राम इठारना, तहसील ऋषिकेश में 01 दिसंबर 2025 को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में सामने आया था। ग्राम पंचायत गौहरी माफी निवासी प्रदीप सिंह (पुत्र स्व. भगत सिंह) ने अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत की थी।
वहीं बलबीर सिंह रावत (पुत्र स्व. चन्दन सिंह) ने अपनी माता स्व. जयवन्ती देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
निर्देशों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
उपजिलाधिकारी, ऋषिकेश द्वारा 18 दिसंबर 2025 को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद 29 दिसंबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), डोईवाला को तीन दिन के भीतर प्रकरण का निस्तारण कर रिपोर्ट देने को कहा गया था।
इसके बावजूद समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर शिकायत दोबारा जिलाधिकारी तक पहुंची।
वेतन रोकने के बाद जारी हुए प्रमाण पत्र
लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मामले के निस्तारण तक डीपीआरओ, देहरादून के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए। वेतन रोकने की कार्रवाई के बाद संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा 08 फरवरी 2026 को दोनों लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।
वेतन बहाली की प्रक्रिया शुरू
प्रकरण के निस्तारण के उपरांत डीपीआरओ के वेतन आहरण पर लगी रोक हटाने के संबंध में पत्रावली उच्च स्तर पर प्रस्तुत की गई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



