बिग ब्रेकिंग:देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही खटीमा की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, नवजात NICU में भर्ती

देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही खटीमा की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, नवजात NICU में भर्ती

देहरादून। राजधानी देहरादून के सुभाषनगर क्षेत्र से एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीसीए तृतीय वर्ष की एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।

मृतका मूल रूप से ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा की रहने वाली थी और देहरादून में अपने साथी के साथ रह रही थी।

पुलिस के अनुसार, युवती और उसका पार्टनर मनीष एक ही यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि छात्रा गर्भवती थी और हाल ही में उसकी सिजेरियन प्री-मेच्योर डिलीवरी हुई थी।

आठ माह के गर्भ के बाद जन्मे नवजात शिशु की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे फिलहाल अस्पताल के एनआईसीयू (NICU) में भर्ती किया गया है।

डिलीवरी के बाद से ही युवती की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। रविवार को अचानक उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उसका साथी उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुँचा। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुँची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। सोमवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतका की मौत की सूचना मिलते ही खटीमा से उसके परिजन भी देहरादून पहुँचे, जिन्हें पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। शुरुआती जांच में मौत को डिलीवरी के बाद उत्पन्न हुई शारीरिक जटिलताओं से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

साथ ही लिव-इन रिलेशनशिप, स्वास्थ्य देखभाल और उपचार से जुड़ी परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

नवजात शिशु की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।